Saturday, 9 July 2016

नाइक के खिलाफ हरकत में आई सरकार

नाइक के खिलाफ हरकत में आई सरकार

मुस्लिम धर्म प्रचारक जाकिर नाइक के कथित तौर पर उकसाने और कटुता फैलाने वाले भाषणों पर सरकार ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने जाकिर नाइक के उपदेशों को सभी टीवी चैनलों और ऑनलाइन माध्यमों से हटाने का फैसला किया है। इस विषय पर शुक्रवार को केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री वैंकेया नायडू ने मंत्रालय में एक बैठक की जिसमें राज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी थे।बाद में श्री राठौड़ ने बताया कि जाकिर नाइक के विवादित उपदेशों को दिखाने वाले चैनलों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पीस टीवी के वीडियो के यूआरएल ब्लॉक किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला मॉनिटरिंग और राज्य मॉनिटरिंग कमिटी को एडवाइजरी जारी हो रही है कि वे इस पर नजर रखें, वहीं गृह मंत्रालय से भी कहा गया है कि सोशल मीडिया पर अगर कुछ दिखे तो उसे सूचित करें।सूत्रों के अनुसार बैठक में कनाडा, यूके और मलेशिया में जाकिर नाइक पर लगे बैन पर भी चर्चा हुई। साथ ही यह भी विचार किया गया कि ऑनलाइन माध्यमों, सोशल साइट्स खासकर यूट्यूब से पीस टीवी की सामग्री कैसे हटाई जाए।बैठक में जाकिर नाइक के पीस टीवी का प्रसारण पूरी तरह से बंद करने और प्रसारण करने वाले केबल ऑपरेटरों पर कार्रवाई करने पर चर्चा की गई।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +