Saturday, 11 June 2016

राजधानी में बारिश के बाद गर्मी से मिली थोड़ी राहत

राजधानी में बारिश के बाद गर्मी से मिली थोड़ी राहत

दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से पड़ रही जबरदस्त गर्मी के बाद शनिवार को बारिश होने से मौसम में बदलाव देखा गया। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी राजधानी में हुई बारिश के बाद मौसम काफी सुहाना हो गया है। लेकिन कुछ ही देर बाद आसमान में छाए बादलों के बीच सूरज की किरणें अपनी चमक और गर्मी बिखेरने लगी।मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में शनिवार सुबह का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, 41 प्रतिशत आर्द्रता के साथ हवा की गति 14 किलोमीटर प्रतिघंटा रिकर्ड किया गया। बारिश के बाद तापमान गिरावट देखने को मिली। लेकिन कुछ ही देर बाद धूप निकल आई।  मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में आने वाले दिनों में मौसम में यूं ही बदलाव देखने को मिलेगा और पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से भी लोगों को राहत महसूस होगी। लेकिन सुहावने मौसम के बीच दिल्लीवासियों को एक बार फिर भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी में मौसम अगले तीन दिनों तक ऐसे ही रह सकता है। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण है, जिसका प्रभाव तीन दिन तक रह सकता है।
शुक्रवार को राजधानी में दोपहर के बाद ही बादल घिरने लगे जो देखते ही देखते थोड़ी देर में बरसने लगे। तपती-गर्मी में बारिश लोगों के लिए राहत लेकर आई है। बारिश के साथ-साथ तेज़ हवा ने दिल्ली के मौसम को सुहाना बना दिया है। तेज हवा के कारण कई जगह पेड़ गिरने और यातायात प्रभावित होने की भी सूचना है। दो विमानों को तेज हवा और बारिश के कारण जयपुर के लिए डायवर्ट किया गया।
शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +