Saturday, 11 June 2016

कांग्रेस का शंखनाद,मिशन 2018 की शुरूआत: तन्खा

कांग्रेस का शंखनाद,मिशन 2018 की शुरूआत: तन्खा

 

राज्ससभा की तीन सीटों के लिए आज विधानसभा में चल रहे चुनाव में दो सीटों पर भाजपा और एक सीट पर कांग्रेस की जीत तय नजर आ रही है। तीसरी सीट के लेकर कुछ दिनों से चल रहे वोटों के गुणा-भाग के खेल में कांग्रेस भाजपा पर भारी नजर आई। भाजपा के नेता ही अब संकेतों में तीसरी सीट पर अपनी हार स्वीकार कर रहे हैं।राज्यसभा के लिए आज विधानसभा परिसर में सुबह नौ बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान के लिए तीन सीटों तीन पोलिंग बूथ बनाए गए थे जिसमें विधायक अपने पोलिंग एजेन्टों को अपना मतपत्र दिखाकर वोट दे रहे थे। सुबह नौ बजे से ही मतदान के लिए लाइन लगना शुरू हो गई थी। सुबह सबसे पहले मंत्री जयंत मलैया, नरोत्तम मिश्रा, गौरीशंकर बिसेन ने लाइन में लग कर वोट दिया। इसके बाद मंत्री भूपेन्द्र सिंह, राजेन्द्र शुक्ल समेत अन्य मंत्री विधायकों ने वोट डाले। कांग्रेसी विधायकों ने भी लाइन में लगकर अपने वोट विधायक दल के मुख्य सचेतक रामनिवास रावत को दिखाकर डाले।राज्यसभा चुनाव के मतदान के दौरान कांग्रेस और भाजपा के दिग्गज पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखे रहे। भाजपा की ओर से सीएम और प्रदेशाध्यक्ष विधायकों से मिलते रहे, वहीं कांग्रेस की ओर से कमलनाथ, दिग्विजय सिंह सुशील शिंदे और सुरेश पचौरी विधानसभा उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह के कमरे में बैठकर स्थिति की समीक्षा करते रहे।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह आज सुबह ठीक सवा नौ बजे विधानसभा पहुंंचे। यहां उन्होंने अध्यक्ष डाक्टर सीतासरन शर्मा के कक्ष में जाकर उनसे मुलाकात की। इसके बाद वे अध्यक्ष और संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा के साथ वोट डालने पहुंचे। तीसरी सीट को लेकर सीएम ने पत्रकारों के किसी भी सवाल का जवाब देने से इंकार कर दिया। वहीं कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में बिखरी हुई है।परिवहन मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि बसपा के वोट तीसरी सीट के मामले में निर्णायक रहे। उन्होंने कहा कि हमारी दो सीटें थीं और हमने इन पर जीत दर्ज की। कांग्रेस को वॉकओवर देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमने कोई वॉकओवर नहीं दिया है। राजनीति में प्रयास चलते रहते हैं, हमने भी प्रयास किए थे।कांग्रेस प्रत्याशी विवेक तन्खा ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस के सारे विधायक एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि यह मिशन 2018 की शुरूआत है। इस चुनाव के बाद कांग्रेस जमीनी लेबल पर और डटकर काम करेगी। कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने भी इसे मिशन 2018 की शुरूआत बताया।भाजपा के प्रदेश महामंत्री और निर्दलीय प्रत्याशी विनोद गोटिया ने मतगणना के पहले ही अपनी हार स्वीकार करते हुए कांग्रेसप्रत्याशी विवेक तन्खा पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ मिलकर बसपा के विधायकों को अपने साथ मिलाने के लिए हॉर्स ट्रेडिंग की। उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट से राजेंद्र मेश्राम को वोटिंग राइट न मिलने के पीछे भी तन्खा की भूमिका रही।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +