Monday, 20 June 2016

उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत

उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत

पिछले काफी दिनों से भीषण गर्मी और उमस की मार झेल रही राजधानी दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में सोमवार को प्री-मानसून की बारिश हुई जिससे तापमान में गिरावट आने से मौसम काफी सुहाना हो गया है।राजधानी में मौसम विभाग ने पहले ही हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान जताया था। दिल्ली के अधिकतर इलाकों सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र गुड़गांव, मानेसर, ग्रेटर नोएडा, b बुलंदशहर, फरीदाबाद, नूह, मेरठ, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में गरज और तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। दिल्ली-एनसीआर में मौसम के अचानक करवट बदलने से मौसम काफी सुहाना हो गया है। बारिश के कुछ ही देर बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली के गोकुलपुरी, यमुना विहार और भजनपुरा में अन्य इलाकों की तुलना में तेज बारिश हुई।मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में सोमवार को बारिश के बाद अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, 84 प्रतिशत आर्द्रता के साथ हवा की गति 19 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड किया गया।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के क्षेत्रों में दिन के समय में तेज हवा चलने से मौसम में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। साथ ही लोगों को भीषण गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में लखनऊ का न्यूनतम तापमान 29 डिग्री व अधिकतम 34 डिग्री रहने की सम्भावना है। आकाश में बादल छाए रहेंगे और इससे उमस होने की सम्भावना है। वहीं दिन में तेज हवाओं के चलने से तापमान में नमी बनी रहेगी। इसी के साथ ही प्रदेश में दस्तक दे रहे मानसूनी हवा का भी प्रभाव बुंदेलखंड के इलाको में देखा जा सकेगा। मौसम विभाग ने मानसून को लेकर पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी। मंगलवार तक मानसून के उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की सम्भावना है। इससे मानूसनी हवा सुबह के वक्त दक्षिणी पूर्वी चलने और बाद में पूर्वी हवाओं के गति से चलने की पूरी सम्भावनाएं है।दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित मराठवाड़ा में भी पहुंच गया है, इससे जहां किसानों ने राहत की सांस ली है, वहीं आमजन ने गर्मी से राहत महसूस की है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा कि मानसून के आगे बढऩे की परिस्थितियां अनुकूल हैं। मानसून मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों, पूरे गोवा, दक्षिण कोंकण के कुछ हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी मध्य प्रदेश, दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कुछ और हिस्सों में पहुंच चुका है। इसके अलावा वह बिहार, अंदरूनी कर्नाटक के शेष हिस्सों, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और झारखंड में और आगे बढ़ गया है। अगले कुछ घंटों में मानसून के बिहार, मध्य महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। मानसून के सक्रिय होने से कोंकण,गोवा, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में कई जगहों पर बारिश हुई। इसके अलावा असम, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र और तटीय आंध्र प्रदेश में भी वर्षा दर्ज की गई।हिमाचल की राजधानी शिमला में भी आज दोपहर बाद आंधी के बाद तेज बारिश हुई। शहर में साढ़े 5 बजे से देर शाम तक झमाझम बारिश हुई। इससे सड़कों पर पानी भर गया। प्री-मानसून की बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई और बरसात ने मौसम में ठण्डक घोल दी। तेज बारिश के कारण सर्कुलर रोड पर वाहनों की रफ्तार थम गई और लंबा जाम लग गया। इससे लोगों तथा पर्यटकों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +