Thursday, 23 June 2016

प्रधानमंत्री 25 जून को करेंगे स्‍मार्ट सिटी परियोजनाओं का शुभारंभ

प्रधानमंत्री 25 जून को करेंगे स्‍मार्ट सिटी परियोजनाओं का शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 25 जून को स्‍मार्ट सिटी परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही ‘स्‍मार्ट सिटी चैलेंज कॉम्पिटिशन’ के पहले चरण में चुने गए 20 शहरों में स्‍मार्ट सिटी योजनाओं का कार्यान्‍वयन आरंभ होगा। यह सरकार द्वारा प्रारंभ किए गए नये शहरी मिशनों के अंतर्गत परिकल्पित समग्र और एकीकृत शहरी विकास की शुरूआत होगी।प्रधानमंत्री पांच हजार लोगों की क्षमता वाले शिव छत्रपति खेल परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में पुणे की स्मार्ट सिटी योजना के तहत 14 परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता शहरी विकास मंत्री एम. वैंकेया नायडू करेंगे। इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल विद्यासागर राव और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उपस्थित रहेंगे। इसी दिन अन्य स्मार्ट सिटीज में लगभग 1,770 करोड़ रुपये के निवेश के साथ 69 ऐसी परियोजनाएं भी प्रारंभ की जाएंगी।शनिवार को ही स्‍मार्ट सिटी मिशन और अमृत में शामिल किए गए, देश की लगभग 70 प्रतिशत आबादी के लिए उत्‍तरदायी 500 से ज्‍यादा शहरों में ढांचागत सुविधाओं की कमियों का विस्‍तृत विश्‍लेषण करने के बाद निरुपित की गई 5 साल की कार्य योजनाओं पर आधारित शहरी विकास परियोजनाओं के कार्यान्‍वयन की भी शुरूआत होगी। इसके साथ ही शहरी विकास में तदर्थ और परियोजना आधारित दृष्टिकोण की समाप्ति होगी, जिसका अब तक अनुसरण किया जाता रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा परियोजनाओं का शुभारंभ किए जाने के अवसर पर पहले बैच के समस्‍त 20 स्‍मार्ट शहरों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्‍यम से जोड़ा जाएगा।उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ने पिछले साल 25 जून को स्‍मार्ट सिटीज मिशन, कायाकल्प एवं शहरी रूपांतरण के लिए अटल मिशन (अमृत) और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का प्रारंभ किया था। इसके बाद, बैच के 20 स्‍मार्ट शहरों का चयन करने के लिए सिटी चैलेंज कॉम्पिटिशन के दो चरणों का आयोजन किया गया, जिनकी परियोजनाओं का शुभारंभ शनिवार को किया जा रहा है। इन 20 शहरों ने क्षेत्र विकास और पैन सिटी समाधानों में कुल 48,000 करोड़ रुपये के निवेश की पेशकश की है।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +