Tuesday, 5 January 2016

साइंस कांग्रेस में होगा मेक इन इंडिया पर मंथन



साइंस कांग्रेस में होगा मेक इन इंडिया पर मंथन

इंडियन साइंस कांग्रेस के पांच दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के वैज्ञानिक इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना मेक इन इंडिया पर मंथन करेंगे। वे इस बात पर विचार करेंगे कि वैश्विक बाजार के लिए इस योजना को और उपयुक्त बनाने के वास्ते कौन-कौन से जरूरी कदम उठाने पड़ सकते हैं?103वें भारतीय विज्ञान कांग्रेस का उद्घाटन पीएम मोदी रविवार सुबह दस बजे मैसूर यूनिवर्सिटी परिसर में करेंगे। इसमें पांच नोबेल पुरस्कार विजेताओं सहित देश-विदेश के 400 वैज्ञानिक और करीब सौ नामचीन वक्ता भाग ले रहे हैं।मैसूर यूनिवर्सिटी के कुलपति केएस रंगप्पा के अनुसार इस बार के साइंस कांग्रेस की थीम स्वदेशी तकनीक के विकास के लिए विज्ञान विषय पर आधारित है। बकौल रंगप्पा, "प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना मेक इन इंडिया के तहत वैश्विक निवेश आकर्षित करने, रोजगार सृजन और निर्यात बढ़ाने की मंशा को ही ध्यान में रखते हुए साइंस कांग्रेस की यह थीम तय की गई है।"उन्होंने बताया कि उद्घाटन बाद के सत्र में "डूइंग साइंस इन इंडिया" विषय पर नामचीन वैज्ञानिक भारत रत्न डॉ. सीएनआर राव का लेक्चर होगा। रंगप्पा के मुताबिक साइंस कांग्रेस में पांच नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक भाग ले रहे हैं। इनमें जॉन बी गुर्डन, डॉस शेचमैन, डेविड जे ग्रास, आर्थर बी मैक्डोनाल्ड, सर्जे हैरोच प्रमुख हैं। इनके अलावा देश-विदेश के 400 और प्रमुख वैज्ञानिक साइंस कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।विज्ञान कांग्रेस को अपने-अपने क्षेत्र के करीब सौ विशेषज्ञ भी अलग से संबोधित करेंगे। उद्घाटन के मौके पर पीएम मोदी 30 वैज्ञानिकों को विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कृत करेंगे। वह नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिकों को भी गोल्ड मेडल देकर सम्मानित करेंगे। रंगप्पा ने बताया कि साइंस कांग्रेस के विभिन्न सत्रों में करीब 15 हजार प्रतिनिधियों के भी शामिल होने की उम्मीद है।बतौर प्रतिनिधि भाग लेने के लिए दो हजार के करीब लोगों ने तो अकेले मैसूर यूनिवर्सिटी से ही रजिस्ट्रेशन कराया है। उनके अनुसार विज्ञान कांग्रेस के विभिन्न सत्रों में नैनो साइंस, अंतरिक्ष विज्ञान, डायबिटीज, परमाणु ऊर्जा, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छ भारत अभियान समेत अन्य कई अहम विषयों पर भी चर्चा होगी। साइंस कांग्रेस के उद्घाटन के अलावा पीएम मोदी रविवार को ही कर्नाटक के बिदारहल्लीकवल गांव में एचएएल की हेलीकॉप्टर निर्माण ईकाई की आधारशिला भी रखेंगे।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +