Tuesday, 23 January 2018

आदि शंकराचार्य के एकात्मवाद में है दुनिया की समस्याओं का हल

आदि शंकराचार्य के एकात्मवाद में है दुनिया की समस्याओं का हल

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि शंकराचार्य ने पूरे भारत को सांस्कृतिक एकता के सूत्र में बाँधा तथा समूचे विश्व को एकात्मता का संदेश दिया। केवल मनुष्य ही नहीं अपितु समस्त जड़, चेतन में आत्मिक एकता है। उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर में वेदांत संस्थान बनाया   जाएगा जो विश्व को अद्वैत वेदांत दर्शन की जानकारी देगा। ओंकारेश्वर में ब्रह्मा पुरी, विष्णु पुरी एवं शिव पुरी को आकाशीय फुटओवर ब्रिज से जोड़ा जाएगा। आदि शंकर संस्थान में आधुनिक तकनीक से माया और ब्रह्म के शंकर के संदेश को दिखाया जाएगा। साथ ही शंकर के जीवन-दर्शन एवं जीवन चरित को ऑडियो-वीडियो के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि ओंकारेश्वर में स्थापित किया जा रहा आदि शंकराचार्य सांस्कृतिक एकता न्यास आध्‍यात्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक पुनर्जागरण का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर की यह पवित्र भूमि सांस्कृतिक एवं आत्मिक पुनर्जागरण का केंद्र बनेगी। आदि शंकराचार्य की गुफा का जीर्णोद्धार किया जायेगा, आदि शंकर स्मृति केन्द्र बनाया जायेगा। उन्होंने बताया कि एकात्म यात्रा में 23 हज़ार ग्राम-पंचायतों से 30 हज़ार धातु कलश आए हैं, जो आदि शंकराचार्य की यहाँ स्थापित होने वाली प्रतिमा का आधार बनेंगे।

राष्ट्रीय सरकार्यवाह भैयाजी जोशी

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय सरकार्यवाह भैयाजी जोशी ने कहा कि केरल से निकलकर आदि शंकर ने हम सबको यह संदेश दिया कि हम सब एक हैं। आज आदि शंकर से प्रेरणा प्राप्त कर हम यह संदेश सारे विश्व को दें। भारत की शक्ति संरक्षक की है, विध्वंसक की नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने एकात्म यात्रा आयोजित कर अद्भुत एवं प्रशंसनीय कार्य किया है।

अमित शाह का वीडियो संदेश

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का वीडियो संदेश दिखाया गया। इसमें उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नर्मदा यात्रा एवं एकात्म यात्रा के माध्यम से सांस्कृतिक एकता का उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को हृदय से साधुवाद दिया और कहा कि आदिशंकर के योगदान को ओंकारेश्वर में मूर्त रूप देने का श्री चौहान का यह उत्कृष्ट प्रयास है। यहां पर आदि शंकराचार्य को गुरु मिले, यह स्थान जनता की अपार श्रद्धा एवं आस्था का केंद्र है।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +