जेएनयू छात्रसंघ चुनाव में वाम दलों के खाते में गईं चारो सीटें
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) के केन्द्रीय पैनल के लिए हुए चुनाव में यूनाइटेड लेफ्ट ने बाजी मारते हुए चारों पदों पर विजय हासिल की। कल देर रात चुनाव परिणाम घोषित किए गए। निर्वाचन पैनल ने बताया कि चुनाव में कुल 4639 मत डाले गए थे। इनमें से 19 वोट गलत बैलेट बॉक्स में डालने की वजह से निरस्त हो गए। अध्यक्ष पद पर वाम मोर्चा की गीता कुमारी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की निधि त्रिपाठी को 464 मतों से हराया है।
उपाध्यक्ष पद पर आईसा की सिमोन जोया खान ने एबीवीपी के दुर्गेश कुमार को 848 वोटों से हराया है। लेफ्ट के दुग्गीराला श्रीकृष्णा ने 2082 मतों के साथ महासचिव के पद पर जीत दर्ज की। इस पद के लिए दूसरे स्थान पर एबीवीपी के निकुंज मकवाना रहे, उन्हें 975 वोट मिले। वहीं संयुक्त सचिव का पद भी लेफ्ट के सुधांशु सिंह ने अपने नाम किया। सुधांशु को 1755 वोट मिले। इस पद के लिए दूसरे स्थान पर रहे एबीवीपी के पंकज केसरी को 920 वोट मिले।
उल्लेखनीय है कि जेएनयू छात्रसंघ चुनाव देश के सबसे चर्चित छात्रसंघ चुनावों में से एक है। आठ सितंबर को हुए चुनाव में 57.6 प्रतिशत मतदान हुआ था। वोटिंग के लिए जेएनयू कैंपस में चार सेंटर बनाए गए थे। गौरतलब है कि मतदान से एक दिन पहले यानि सात सितंबर को जेएनयू कैंपस में प्रेसिडेंशियल स्पीच का आयोजन किया गया था। लेफ्ट संगठनों का हौसला बढ़ाने के लिए कन्हैया कुमार भी इसमें मौजूद रहे। डिबेट से पहले विश्वविद्यालय में छात्र संगठनों में जश्न का माहौल दिखा। छात्रों ने अलग-अलग टोली बनाकर जमकर नारेबाजी की।
No comments:
Write comments