नीतीश की नयी कैबिनेट तैयार: 26 मंत्रियों ने ली शपथ
बिहार की नई सरकार के मंत्रिमंडल का आज विस्तार हो गया। शाम पांच बजे नीतीश कुमार की नई कैबिनेट के 26 मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। घोषणा 27 मंत्रियों की हुई थी लेकिन भाजपा नेता और हिमाचल प्रदेश के प्रभारी मंगल पांडेय समय पर नहीं पहुंचने के कारण वो शपथ नहीं ले सके।राजभवन के मंडपम हॉल में बिहार के राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने नए सरकार के सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी।
शपथ ग्रहण के लिए सबसे पहले बीजेपी के कृष्ण कुमार ऋषि राजभवन के मंडपम हॉल पहुंचे, उनके साथ ही माहेश्वर हजारी भी पहुंचे। उसके बाद शैलेष कुमार भी पहुंचे। सभी सदस्यों और अतिथियों के पहुंचने के बाद राज्यपाल पांच बजकर दस मिनट पर पहुंचे और उन्होंने देर से आने के लिए सबसे क्षमायाचना की।
राज्यपाल के मंच पर पहुंचते ही लोगों ने उनका अभिवादन किया, फिर राष्ट्रगान के बाद शपथ ग्रहण समारोह की विधिवत शुरुआत हुई। उसके बाद सभी मंत्रियों के नाम की घोषणा की गई और एक एक कर सभी मंत्रियों ने शपथ ली। नीतीश की पूरी कैबिनेट में एक ही महिला मंत्री ने शपथ ली और उनका नाम मंजू वर्मा है, जो जदयू कोटे की मंत्री हैं और नीतीश कैबिनेट की पुरानी मंत्री हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर आज सुबह कैबिनेट सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे और राज्यपाल से मुलाकात की। उसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री आवास जाकर मुख्यमंत्री से भी विचार-विमर्श किया। राजभवन में शपथ ग्रहण को लेकर हलचल तेज रही। कैबिनेट विस्तार को लेकर राजभवन की सुरक्षा बढ़ाई दी गई थी।
एडीजी मुख्यालय एके सिंघल ने यह जानकारी देते हुए बताया था कि शाम को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजभवन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और 150 जवानों की तैनाती की गई है।
No comments:
Write comments