समय रहते बाढ़ नियंत्रण के सभी आवश्यक उपाय किये जायें : शुक्ल वाणिज्य-उद्योग, रोजगार तथा खनिज साधन मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि पिछले वर्ष आयी बाढ़ को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष समय रहते बाढ़ नियंत्रण के सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किये जायें। श्री शुक्ल आज रीवा में बाढ़ नियंत्रण के लिये किये गये कार्य तथा उपायों की समीक्षा कर रहे थे।
श्री शुक्ल ने कहा कि नदियों में जल-निकासी को अवरुद्ध करने वाले चिन्हित स्थानों की तत्काल सफाई कर जल-प्रवाह को सुगम बनाया जाये। उन्होंने कहा कि चरणबद्ध तरीके से प्राथमिकता के आधार पर नदियों में चिन्हित स्थानों पर जमी गाद, मिट्टी और पत्थरों को निकाला जाये। उद्योग मंत्री ने बिछिया पुल सहित अन्य स्थान पर जल-निकासी को बेहतर करने के उपायों की जानकारी भी ली। उन्होंने निर्देश दिये कि कार्य के लिये आवश्यक बजट के प्रस्ताव भेजें, ताकि बजट मंजूर किया जा सके।
उद्योग मंत्री ने शहर में पेयजल के लिये बिछाई जा रही पाइप लाइनों के बारे में भी जानकारी ली। साथ ही चल रहे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये।
बैठक में संभागायुक्त श्री एस.के. पाल, नगर निगम आयुक्त श्री कर्मवीर शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
No comments:
Write comments