Friday, 24 March 2017

नवजोत सिद्धू के कपिल शर्मा के शो में जज बने रहने को लेकर विवाद हो रहा

पंजाब में कैप्टन अमरिन्दर सिंह की सरकार में मंत्री बनाए गए नवजोत सिद्धू के कपिल शर्मा के शो में जज बने रहने को लेकर विवाद हो रहा है. आख़िर सिद्धू कितना कमाते होंगे इस शो से?
इस सवाल का जवाब मिलना मुश्किल है क्योंकि ये जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाती.
लेकिन सिद्धू के पास कितनी संपत्ति है और पिछले साल उन्होंने कितनी कमाई की, ये जानकारी उन्होंने ख़ुद चुनाव आयोग को दी थी.
चुनाव आयोग को दी गई जानकारी के मुताबिक नवजोत सिंह सिद्धू के पास 45.91 करोड़ रुपए की संपत्ति है.
उनके पास 44 लाख रुपए की घड़ियां, 30 करोड़ रुपए कीमत की संपत्तियां, दो लैंड क्रूज़र और एक मिनी कूपर कार और 15 लाख रूपए के गहने और अंगूठियां हैं.
2015-16 में उनकी सालाना आय 9.66 करोड़ रुपए थी.
लेकिन एक सांसद के तौर पर उन्हें हर महीने एक लाख चार हज़ार रुपए वेतन भी मिलता था. उनके सभी कर्मचारियों की सैलरी भी सरकार ही देती थी.
सांसदों के सभी यात्रा और फ़ोन ख़र्च भी सरकार ही उठाती है. साथ ही लग्ज़री कार, ड्राईवर और कार के लिए पेट्रोल भी सरकार ही देती है. सांसदों की सुरक्षा का ख़र्च भी सरकार ही उठाती है.
ऐसे में बीते वित्तीय वर्ष में सरकारी स्रोतों से नवजोत सिंह सिद्धू की आय प्रतिवर्ष लगभग 12 लाख रुपए ही बैठती है.
इससे एक अंदाज़ा मिल सकता है कि 2015-16 में उनकी 9.66 करोड़ रुपए की आय का अधिकतर अंश उनके वेतन से अलग स्रोतों से आया होगा.
शो में शामिल होने पर सवाल
नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा है कि वो अपना ख़र्च चलाने के लिए शो से होने वाली आय पर ही निर्भर हैं.
वहीं पंजाब सरकार ने उनके शो में शामिल होने की अनुमति को लेकर क़ानूनी विशेषज्ञों की राय मांगी हैं.
सिद्धू पर सवाल उठाने वालों का तर्क है कि एक पैर मुंबई और दूसरा चंडीगढ़ में रखकर सिद्धू एक मंत्री के रूप में अपनी भूमिका ठीक से नहीं निभा पाएंगे.

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +