Wednesday, 15 February 2017

पचमढ़ी में दो दिवसीय विधायक प्रशिक्षण वर्ग का समापन,समय का बेहतरीन इस्तेमाल करें विधायक - शिवराजसिंह चौहान

पचमढ़ी में दो दिवसीय विधायक प्रशिक्षण वर्ग का समापन,समय का बेहतरीन इस्तेमाल करें विधायक - शिवराजसिंह चौहान

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने अपने विधायकों से कहा है कि वे समय का बेहतरीन इस्तेमाल करने के लिए योजना बनाए और जनता के हित के कामों को अधिक से अधिक समय देकर करने का प्रयत्न करें। श्री चौहान पचमढ़ी में आयोजित विधायक प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि सरकार दिन रात मध्यप्रदेश की जनता की सेवा में नई-नई योजनाएं और प्रकल्प लेकर आ रही है। विकास के काम दस गुना रफ्तार से आगे बढ़ रहे हैं। इन सभी कार्यो का भूमिपूजन और लोकार्पण उस क्षेत्र के समूचे समाज को साथ लेकर हमारे जनप्रतिनिधियों को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम में बेटी पूजन अवश्य कराए जाएं इससे समाज में बेटियों के प्रति श्रद्धा और बढ़ेगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रत्येक आयोजन के दौरान पर्यावरण की सुरक्षा के लिए कम से कम एक पेड़ लगाने का आव्हान किया। उन्होंने सभी विधायकों और प्रदेश पदाधिकारियों को 18 फरवरी को आयेाजित होने वाले मिल बांचे मध्यप्रदेश में सक्रिय भागीदारी निभाने को कहा। 8 मार्च को विश्व महिला दिवस पर हर एक गांव में ग्राम सभा के आयोजन की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने विधायकों को दी। उन्होंने बताया कि 4 मार्च को महान संत रविदास जी की जयंती पर सागर में रविदास महाकुंभ का आयोजन किया जायेगा। 14 अप्रैल डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती से लेकर 31 मई तक ग्रामोदय अभियान चलेगा। 14 अप्रैल के दिन वे स्वयं इस अभियान को संबोधित करेंगे और उसे प्रत्येक ग्राम पंचायत पर सुना जायेगा।श्री शिवराजसिंह चौहान ने बताया कि 1 मई को तिथि के अनुसार आदिगुरू शंकराचार्य की जंयती है। इसे हर जिला स्तर और ग्राम स्तर पर मनाने की योजना है। औंकारेश्वर में शंकराचार्य जी की अष्टधातु की प्रतिमा स्थापित की जाना चाहिए इसके लिए घर घर से धातु मांगी जायेगी। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने भारत को उत्तर से दक्षिण तक जोड़ा और भगवान कृष्ण ने पूरब से पश्चिम तक, लेकिन आदिगुरू शंकराचार्य ने भारत को चारों दिशाओं से जोड़ा। वे 32 साल की उम्र में पदयात्रा करते हुए दक्षिण से चलकर औंकारेश्वर पहुंचे। जहां उन्होंने नर्मदा अष्टक की रचना की। उन्होंने सभी विधायकों से नर्मदा सेवा यात्रा में जाने की भी अपील की। साथ ही पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष में कोई न कोई एक रचनात्मक काम अपने हाथ में लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हमें नशामुक्ति को जन आंदोलन का रूप देना है। समाज की मनोवृत्ति बदलकर ही प्रदेश को नशा मुक्त किया जा सकता है और एक बार वातावरण बन गया तो यह काम सहज ही हो जायेगा। उन्होंने कहा कि अगर हमें समाज जीवन में एकाग्र होकर काम करना है तो परिवार के साथ समय व्यतीत करना भी आवश्यक है। उन्होंने सभी विधायकों से सरकार की योजनाओं को गंभीरता से समझने और उनका क्रियान्वयन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति के लिए सरकार ने तमाम योजनाएं चला रखी है। यदि विधायकगण सिर्फ इन योजनाओं का क्रियान्वयन अपने अपने क्षेत्रों में व्यवस्थित कराएं तब भी उनकी सफलता के मार्ग को कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने ग्रामोदय, नगरोदय, बेटी बचाओ, कन्यादान योजना आदि क्षेत्रों में कई विधायकों के आयोजनों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सरकार मध्यप्रदेश के साढ़े सात करोड़ लोगों के हित में जो दिन रात परिश्रम कर रही है उन सभी योजनाओं का लोकव्यापीकरण करना चाहिए।उन्होंने कहा कि हमारे विधायकों को अपना अध्ययन बढ़ाकर तथ्यों और तर्को के साथ अपनी बात रखने की सामथ्र्य और बढ़ानी चाहिए, जिससे हम कहीं भी अपनी बात लेकर जायेंगे तो उसे न मानने का कोई कारण किसी के पास नहीं रहेगा। ऐसा करने से समाज में हमारी छवि निखरेगी और जब हमारी छवि निखरेगी तब निश्चित ही भारतीय जनता पार्टी की छवि भी और निखरेगी। समापन सत्र के मंच पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री नंदकुमारसिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण जटिया और प्रदेश महामंत्री श्री अजयप्रताप सिंह उपस्थित थे।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +