Wednesday, 22 February 2017

कांग्रेस का "मैगा शो", राज्य सरकार पर दागे कई सवाल लेकिन कमजोर दिखी रणनीति

कांग्रेस का "मैगा शो", राज्य सरकार पर दागे कई सवाल लेकिन कमजोर दिखी रणनीति
कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वो दिन दूर नहीं जब कांग्रेस की सरकार बनेगी और सभी मामलों का भांडाफोड़ होगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में ISI का जासूसी नेटवर्क तैयार हो गया है।
व्यापम मामला जोर शोर से उठाते हुए उन्होंने सरकार की घेराबंदी की। सिंधिया ने कहा कि नोटबंदी का फैसला कर सरकार ने गरीबों को परेशानी में डाल दिया। चुटकी लेते उन्होंने कहा कि ATM का मतलब, "आएगा तो मिलेगा" है। तो वहीं राष्ट्रीयता का प्रमाण पत्र देने वाले देशद्रोही निकल रहे हैं। सिंधिया ने कहा कि साल 2018 में सूबे में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
राम मंदिर निर्माण को लेकर उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते कहा कि सीता मैया बहुत दुखी हैं, उनके पति के नाम से पैसा बनाया जा रहा है। सिंधिया ने तीखे हमले करते हुए अवैध उत्खनन को लेकर मंच से कई सवाल दागे।
दिग्विजय बोले डरो मत
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि साल 2003 से कांग्रेस सरकार से बाहर है। उन्होंने माना की कहीं न कहीं कमी रही है। जिस प्रकार लड़ाई लड़नी चाहिए थी, नहीं लड़ी गई। 13 साल हो गए बीजेपी हमारे नेताओं पर आरोप लगाती रही। जिसमें उमा भारती, कैलाश जोशी और सुंदरलाल पटवा ने कई आरोप लगाए, लेकिन सिद्ध नहीं कर सके।
मीडिया को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि कभी खबर आती है कि तीन नेताओं में एक आया, दो नहीं आए, इसपर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सब एक हैं। अंत में दिग्विजय सिंह ने कहा की सरकार लाठी डंडे तैयार रखे, हम आ रहे हैं। राहुल गांधी जी ने भाषण में कहा था कि डरो मत, मैं यही कहना चाहता हूं कि डरो मत।
भटक रहा है नौजवान : कमलनाथ
कांग्रेस नेता कमलनाथ के मंच पर आते ही जमकर नारे लगे। उन्होंने कहा कि हम सब नेताओं ने साथ साथ संघर्ष किया। जिसका नजारा भी साफ देखा जा सकता है। यहां मौजूद भीड़ लाई नहीं गई है, बल्कि खुद आई है। ये अपना दर्द बताने आए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार ने प्रदेश को बरबाद कर दिया है। अब ये कलाकारी की सियासत के समापन का वक्त आ गया है। कांग्रेस किसानो और मजदूरों के बारे में सोचती है। किसानों का मान सम्मान करेंगे।
कमलनाथ ने कहा कि आज नौजवान भटक रहा है। डिजिटल इंडिया पर सवाल उठाते पूछा कि इन नारों से नौजवानों को क्या मिला ? कमलनाथ ने कहा कि हम अग्नि परीक्षा के लिए तैयार हैं। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के लिए कूच कर दिया। जिन्हें बैरिकेड्स लगाकर रोका गया। दिग्गजों के संबोधन के बाद भगदड़ मची और कई लोगों के मंच से नीचे गिरने की खबर भी मिली।
कमजोर दिखी कांग्रेस की रणनीति
बड़े नेताओं में कमलनाथ, सिंधिया और दिग्विजय को गिरफ्तार कर बस में बिठाया गया है। कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की गई। लेकिन उन्हें आते बढ़ते देख पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। पुलिस ने 18 से ज्यादा बसे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के लिए लगाई है।
दिग्विजय ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वो डरे नहीं, बल्कि डट कर आगे बढ़ें। दिग्विजय ने कहा कि सरकार के खिलाफ उनका आंदोलन जारी रहेगा। हालांकि उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के आंदोलन को कुचलने की कोशिश की गई है। दिग्विजय ने कहा कि वो खुद, साथी नेता और कार्यकर्ता डटे रहेंगे। दिग्विजय सिंह के अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया, कमलनाथ सहित राज्य के दूसरे बड़े नेता एक साथ दिखाई दिए। उनके साथ सैंकड़ों कार्यकर्ताओं का हुजूम चल रहा था।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +