Friday, 23 September 2016

विकास कार्यों से आम जनता को करायें अवगत : शिवराज

विकास कार्यों से आम जनता को करायें अवगत : शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में हुए विकास कार्यों से आम जनता को अवगत करवाने का व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में अधोसंरचना विकास, सामाजिक क्षेत्र एवं सुशासन की दिशा में अभूतपूर्व कार्य हुआ है।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज यहाँ मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रदेश के चहुँमुखी विकास के कार्य बड़े पैमाने पर किये गये हैं। इनसे सिंचाई, कृषि एवं सुशासन की दिशा में राज्य देश में अव्वल बना है। इसी तरह बिजली, सड़क, पेयजल, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ठोस कदम उठाये गये हैं। महिला सशक्तिकरण, श्रमिक वर्ग, किसान, विद्यार्थी एवं निर्धन और कमजोर वर्गों की समग्र उन्नति के कार्यक्रम लागू किये गये। इसके साथ ही शासन के कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिये कारगर कदम उठाये गये हैं। इससे प्रदेश अपनी बीमारू राज्य की छवि से उबरकर तेजी से विकास करने वाले राज्यों की कतार में सबसे आगे हो गया है।मुख्यमंत्री ने इन कार्यों को आम आदमी तक पहुँचाने की रूपरेखा तय करने के लिये अधिकारियों को निर्देशित किया। यह महत्वाकांक्षी अभियान आगामी नवम्बर माह से शुरू होना है। बैठक में जनसंपर्क मंत्री नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव अंटोनी डिसा, अपर मुख्य सचिव वन दीपक खांडेकर, अपर मुख्य सचिव ग्रामीण विकास राधेश्याम जुलानिया, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री अशोक बर्णवाल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एस.के.मिश्रा और प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन एम.के. वार्ष्णेय उपस्थित थे।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +