Friday, 23 September 2016

स्मार्ट सिटी को लेकर मुख्यमंत्री दो दिवसीय युनाइटेड किंगडम यात्रा पर

स्मार्ट सिटी को लेकर मुख्यमंत्री दो दिवसीय युनाइटेड किंगडम यात्रा पर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 26 और 27 सितम्बर को युनाइटेड किंगडम के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे युनाइटेड किंगडम की सेक्रेटरी ऑफ स्टेट फॉर इंटरनेशनल डेव्हलेपमेंट श्रीमती प्रीति पटेल के आमंत्रण पर स्मार्ट सिटी की अवधारणा और प्रबंधन के तरीकों और स्किल डेव्हलपमेन्ट कार्यों का अवलोकन करने जा रहे हैं। श्री चौहान स्मार्ट सिटी प्रबंधन के विशेषज्ञों से चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री लंदन प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश में निवेश में रूचि रखने वाली निवेशक कंपनियों के प्रमुखों से भी मुलाकात करेंगे। श्री चौहान 25 सितम्बर, रविवार को लंदन पहुँचेंगे। वे 26 सितम्बर, सोमवार को श्रीमती प्रीति पटेल से मुलाकात करेंगे और लंदन के शहर प्रबंधक विशेषज्ञों से चर्चा करेंगे। इसी दिन दोपहर में वे विभिन्न निवेश कंपनियों के प्रमुखों से भेंट करेंगे।श्री चौहान प्यूरीको ग्रुप के संस्थापक नाथूराम पुरी से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में निवेश संबंधी अवसरों पर चर्चा करेंगे। प्यूरीको समूह पेपर, पॉलीमर और प्लास्टिक निर्माण से जुड़ा है। यह समूह स्वागत और रियल स्टेट व्यवसाय में भी सक्रिय हैं।मुख्यमंत्री डी ला रू पिक ग्रुप के प्रमुख से मुलाकात करेंगे। यह समूह करेंसी रखरखाव के उपकरण और सुरक्षा उत्पादों के प्रदाय से जुड़ा है। श्री चौहान रोल्स रॉयस के उपाध्यक्ष मघिन तमिलारासन से भी मुलाकात करेंगे। वे प्रदेश में रक्षा क्षेत्र के लिये आवश्यक उपकरण निर्माण की इकाइयों की स्थापना की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। उल्लेखनीय है कि रोल्स रॉयस इंटीग्रेटेड पॉवर और प्रोपल्सन सॉल्यूशन के क्षेत्र में सक्रिय है। यह उच्च तकनीकी से समृद्ध कारों का भी निर्माण करती है। श्री चौहान हारग्रिव्स इंडस्ट्रियल सर्विसेज के व्यापार विकास संचालक केविन साबिन से भेंट करेंगे। यह कंपनी पॉवर, पोर्ट, स्टील और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों को मटेरियल प्रबंधन सुविधा उपलब्ध करवाती है।मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान स्कॉच व्हिस्की एसोसियेशन के संचालक मार्टिन हेटफुल भी उनसे मुलाकात करेंगे और प्रदेश में बेवरेज इकाई लगाने की संभावना पर चर्चा करेंगे। यह एसोसियेशन स्कॉटलैंड और पूरी दुनिया में व्हिस्की इंडस्ट्री के हितों का संरक्षण करता है। श्री चौहान अन्य निवेशकों से भी चर्चा करेंगे जिनमें जेसीबी के फिलिप बाउवेरट शामिल हैं। यह कंपनी बहुराष्ट्रीय कार्पोरेशन हैं जो निर्माण उपकरण बनाती है।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +