Sunday, 21 August 2016

मुख्‍यमंत्री मिले बाढ़ पीड़ितों से, मुआवजे का किया ऐलान

मुख्‍यमंत्री मिले बाढ़ पीड़ितों से, मुआवजे का किया ऐलान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य में बाढ़ से प्रभावित हर व्यक्ति को सरकार सहायता देगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर का सर्वेक्षण किया जाएगा और क्षति का आकलन करने के बाद सहायता राशि के साथ ही पुनर्वास सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाएगी।श्री चौहान ने रविवार को रीवा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें ढाँढस बँधाया। मुख्यमंत्री शनिवार को देर रात रेल मार्ग से सतना पहुँचे थे। मैहर में पीड़ितों से मुलाकात करने के बाद वह रीवा पहुँचे थे।बाढ़ पीड़ितों से मिलने के बाद उन्होंने कहा कि बाढ़ में किसी की मृत्यु होने पर उसे मुआवजे के रूप में 4 लाख रुपये दिए जाएंगे। मकान पूर्णत: क्षतिग्रस्त होने पर 95 हजार रुपए और बाढ़ प्रभावित परिवार को 50 किलो गेहूँ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाढ़ से गाय-भैंस की मृत्यु पर 30 हजार रुपए, बछड़ा-बछड़ी की मृत्यु पर 10 हजार, सुअर की मृत्यु पर 3000, मुर्गा-मुर्गी की मृत्यु पर 60 रुपये की सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि झुग्गियों और दुकानों के क्षतिग्रस्त होने पर तत्काल सहायता के तौर पर 6000 रुपए उपलब्ध करवाए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि नदी-नालों के किनारे बसे व्यक्तियों को उनकी सहमति से सुरक्षित स्थान पर बसाने का भी कार्य किया जाएगा, जिससे उन्हें निचले इलाकों में आने वाली बाढ़ से होने वाले नुकसान से हमेशा के लिए निजात दिलवाई जा सके। मुख्यमंत्री रीवा में निपानिया, पदमधर कॉलोनी सहित अनेक बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही निर्देश दिए कि शहर में मलवा हटाकर व्यापक पैमाने पर सफाई कार्य किया जाए। ब्लीचिंग पावडर और दवाई का छिड़काव किया जाए ताकि बीमारी न फैले। मृत पशुओं को तत्काल उठवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने और प्रभावितों को अगले दो दिन तक खाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बाढ़ में क्षतिग्रस्त घरों के स्वामियों को पन्नी और बाँस-बल्ली देने को कहा। वह त्यौंथर और जवा भी गए और राहत-पुनर्वास कार्यों का अवलोकन किया।मुख्यमंत्री निपनिया, अमरैया टोला विक्रम पुल, उन्नत पुल और झिरिया पुल भी गये।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +