Saturday, 2 July 2016

नर्मदा-संरक्षण अभियान का शुभारंभ 11 नवम्बर को अमरकंटक से,मुख्यमंत्री श्री चौहान ने की महत्वाकांक्षी अभियान की प्रस्तावित रूपरेखा की समीक्षा

नर्मदा-संरक्षण अभियान का शुभारंभ 11 नवम्बर को अमरकंटक से,मुख्यमंत्री श्री चौहान ने की महत्वाकांक्षी अभियान की प्रस्तावित रूपरेखा की समीक्षा

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की जीवन रेखा नर्मदा नदी के संरक्षण में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी। इसके लिये आगामी 11 नवम्बर को अमरकंटक से महत्वाकांक्षी अभियान का शुभारंभ किया जायेगा। उन्होंने अभियान की रूपरेखा और तैयारियों के संबंध में बैठक ली। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरी तरह जनता का होगा। इसमें संत समाज, विषय-विशेषज्ञों तथा स्वयंसेवी संगठनों और जन-सामान्य का सहयोग लिया जायेगा।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मंत्रालय में बैठक में कहा कि सिंहस्थ महाकुंभ के दौरान विचार-कुंभ में नर्मदा संरक्षण के लिये की गई घोषणा को जन-सामान्य के सहयोग से मूर्तरूप दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि नमामि देवी नर्मदे के नाम से प्रस्तावित यह अभियान देवउठनी ग्यारस के अगले दिन 11 नवम्बर को अमरकंटक से शुरू किया जायेगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान यात्रा के मार्ग के अनुसार प्रस्तावित 50 दिन के बजाय जरूरी होगा तो 100 दिन तक भी चलेगा। इस दौरान नर्मदा के दोनों तट से समानांतर यात्रा चलेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 1000 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा में संत समाज, पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों के विशेषज्ञों, समाजसेवी संगठनों और ज्यादा से ज्यादा जन-सामान्य को जोड़ा जायेगा। यह यात्रा मुख्यत: स्वच्छता, वृक्षारोपण, जल-संरक्षण, नदी पुनर्जीवन, प्रदूषण नियंत्रण और जैविक खेती पर केन्द्रित होगी। इन विषयों के संबंध में लोगों को जागरूक करने के लिये यात्रा के मार्ग में पड़ने वाले गाँवों में जनसभाएँ की जायेगी।मुख्यमंत्री ने अभियान के संबंध में जनता एवं विषय-विशेषज्ञों के सुझाव लेने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि अभियान पूरी तरह जनता का होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्रा के दौरान केवल अत्यंत जरूरी सेवाओं के वाहन ही चलेंगे। प्रत्येक दिन रात्रि में केम्प स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। प्रतिदिन यात्रा का शुभारंभ स्वच्छता कार्यक्रम से होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बहुउद्देश्यीय यात्रा में हर सप्ताह कम से कम एक दिन वे स्वयं शामिल होंगे।बताया गया कि यात्रा का मार्ग, अभियान का गीत एवं लोगो निर्धारित किया जाना है। साथ ही वेबसाईट भी तैयार की जायेगी। यात्रियों का पंजीयन भी किया जायेगा। अभियान में विभिन्न विभाग की भूमिका सुनिश्चित होगी। यात्रा के दौरान लोगों से वचन-पत्र और संकल्प-पत्र भी भरवाये जायेंगे। अभियान के क्रियान्वयन के लिये अपर मुख्य सचिव वन एवं योजना आर्थिक सांख्यिकी की अध्यक्षता में सात सदस्यीय प्रशासकीय कमेटी भी गठित की गई है।बैठक में मुख्य सचिव श्री अंटोनी डिसा, कृषि उत्पादन आयुक्त श्री पी.सी. मीणा, अपर मुख्य सचिव वन श्री दीपक खांडेकर, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री इकबाल सिंह बैस, प्रमुख सचिव संस्कृति श्री मनोज श्रीवास्वत, प्रमुख सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति श्री अशोक वर्णवाल, प्रमुख सचिव नगरीय विकास श्री मलय श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्रीमती नीलम शमी राव, प्रबंध संचालक एप्को श्री अनुपम राजन, सचिव मुख्यमंत्री श्री विवेक अग्रवाल एवं श्री हरिरंजन राव उपस्थित थे।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +