म.प्र. और चीन की विश्व प्रसिद्ध मशीन निर्माता कंपनी सेनी समूह के बीच करारनामा
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में आज बीजिंग में मध्यप्रदेश और चीन की विश्व प्रसिद्ध मशीन निर्माता कंपनी सेनी समूह के बीच करारनामे पर हस्ताक्षर हुये। सेनी ग्रुप ने मध्यप्रदेश में एक बिलियन डॉलर निवेश करने का प्रस्ताव दिया है।म.प्र. ट्रायफेक के प्रबंध संचालक श्री डी.पी. आहूजा ने मध्यप्रदेश सरकार की ओर से और श्री ली झिंगझिंग ने सेनी समूह की ओर से करारनामे पर हस्ताक्षर किये।समूह के अध्यक्ष श्री लियांग वेंजन ने मध्यप्रदेश में निवेश संभावनाओं पर मुख्यमंत्री के साथ विस्तार से चर्चा की। श्री लियांग ने बताया कि सेनीसमूह 500 मेगावॉट विंड एनर्जी सेक्टर और औद्योगिक अधोसंरचना निर्माण के क्षेत्र में एक बिलियन डॉलर निवेश करने का इच्छुक है।श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में सेनीसमूह को किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जायेगी। हर प्रकार की सहायता उपलब्ध करवाई जायेगी। उन्होंने समूह का प्रदेश में स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने समूह के कार्यपालन प्रमुखों को इंदौर में 22-23 अक्टूबर को होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भाग लेने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पूरी तरह से निवेश मित्र राज्य है।सेनी ग्रुप के निवेश प्रस्तावों की जानकारी देते हुये समूह के अध्यक्ष श्री लियांग वेनजेन ने बताया कि समूह 10 से 20 मिलियन डॉलर निवेश करने के लिये उपयुक्त अवसर और संभावनाएँ खोज रहा है। मध्यप्रदेश में एक बिलियन डॉलर के निवेश प्रस्ताव इसी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने यह भी बताया कि उनका समूह बड़े पैमाने पर विद्युत प्लांट और कारखाने स्थापित करने की योजना बना रहा है। कारखानों में निर्माण उपकरण बनाये जायेंगे। श्री लियांग ने कहा कि उनका समूह प्रौद्योगिकी और पूँजी दोनों में योगदान कर सकता है और भारत एवं मध्यप्रदेश में उपलब्ध विशाल बाजार को देखते हुये विकास को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। इस प्रकार समूह दोनों देश के बीच मैत्री संबंधों को भी मजबूत करेगा।चीन की एक अन्य प्रमुख कंपनी चाइना फार्च्युन लेंड डेवलपमेंट लिमिटेड ने भी प्रदेश में नगर विकास में रूचि दिखाई है। इस कंपनी ने सिंगापुर जैसे बड़ी हाईटेक औद्योगिक टाऊन को स्थापित किया है। कंपनी के उपाध्यक्ष श्री लियांग ने प्रदेश में औद्योगिक नगरों के विकास में रूचि दिखाई है। श्री चौहान ने ग्वालियर सहित अन्य शहरों के विकास की संभावनाओं पर चर्चा की।बैठक के अंत में श्री लियांग ने मुख्यमंत्री को चाइना की पारम्परिक पेटिंग स्मृति स्वरूप भेंट की।

No comments:
Write comments