Friday, 27 May 2016

लापता वकील और भाई की हत्या के बाद चेहरा जलाकर फेंका, हत्या को लेकर समाज में आक्रोश

लापता वकील और भाई की हत्या के बाद चेहरा जलाकर फेंका, हत्या को लेकर समाज में आक्रोश



हरदा जिले के मोहनपुर से अपहृत भोपाल के वकील नवीन अग्रवाल और उनके भाई सुधीर अग्रवाल के शव आज सुबह होशंगाबाद जिले के बांदरखो के जंगल में मिले हैं। आरोपियों की निशानदेही पर दोनों शव बरामद हो सके। कोई इनके शवों को पहचान न सके, इसलिए आरोपियों ने दोनों भाइयों के चेहरे बुरी तरह जलाकर झाड़ियों में फेंक दिया था। परिजनों ने दोनों भाईयों की शिनाख्त की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सख्ती से पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी जगदीश और इस मामले में धरे गए संदेही टूट गए। आरोपियों ने खुलासा किया कि लाठी डंडों से पिटाई के दौरान वकील नवीन अग्रवाल और उनके भाई सुधीर अग्रवाल की मौत हो गई थी। दोनों की हत्या करने के बाद लाश को जंगल में फेंक दिया गया। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी इंदौर भाग गए थे। हरदा एसपी प्रेम बाबू शर्मा ने बताया कि इस मामले में हत्याकांड में कितने लोग शामिल हैं, उसकी जांच की जा रही है। जल्द ही और भी गिरफ्तारियां होना हैं। गौरतलब है कि विद्या नगर निवासी वकील नवीन अग्रवाल और उनके भाई सुधीर चार दिन से गायब थे। बताया जाता है कि इंदौर के बाउंसरों से हत्या कराई गई है। गौरतलब है कि इसी क्षेत्र के जंगलों में यूएस एंबेसी की एक्सवर्कर लीना शर्मा की उसके मामा ने हत्या कर दी थी।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोविंद गोयल के साथ अग्रवाल समाज के लोग गृहमंत्री बाबूलाल गौर से उनके बंगले पर मिले। जहां कांग्रेसियों ने हरदा पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जाहिर की। गौर ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रदर्शन करने वाले कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।भोपाल जिला अदालत में सुबह से कामकाज बंद कर दिया है। कल भी वकीलों ने काम बंद कर रखा था। जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष टीपी विश्वकर्मा ने बताया कि हत्यकांड को लेकर बैठक के बाद तय होगा क्या करना है? दूसरी ओर दोनों भाईयों की लाश मिलने की खबर लगे ही हरदा में बाजार आज सुबह से बंद हो गया है। अग्रवाल महासभा ने बंद का ऐलान किया है। जिले में पुलिस बल तैनात कर दिया है।हत्या के खिलाफ नगर के अग्रवाल बंधु आक्रोशित हो उठे हैं। दुख और क्रोध की मिलीजुली लहर के बीच सकल अग्रवाल समाज ने आज समाज के बड़े-बुजुर्गों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंच कलेक्टर महेशचंद्र चौधरी को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंप घटना की सीबीआई से जांच कराने मांग की है।अग्रवाल समाज का आरोप है कि अपहरण की सूचना समय रहते स्थानीय थाना, हरदा एसपी को दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं किए जाने से यह वारदात हो गई। इससे पुलिस की भूमिका पर भी सवालिया निशान लग गया है। ज्ञापन सौंपने वालों में जबलपुर अग्रवाल सभा के अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल, कमलेश अग्रवाल, अमित अग्रवाल, सुंदर अग्रवाल, रमन अग्रवाल, मुरली अग्रवाल, संजय जैन, बंटी अग्रवाल, राजू अग्रवाल, अरुण अग्रवाल आदि शामिल रहे।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +