Sunday, 10 April 2016

नीतीश कुमार पहली बार बने जद (यू) के अध्यक्ष

नीतीश कुमार पहली बार बने जद (यू) के अध्यक्ष
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जनता दल यूनाइटेड जद (यू) के नए प्रमुख के रूप में निर्वाचित कर लिया गया है। निवर्तमान अध्यक्ष शरद यादव ने इस पद के लिए चौथी बार अपना नाम आगे नहीं किया। शरद यादव इस पद पर पिछले 10 सालों से हैं। पार्टी अध्यक्ष के रूप में शरद यादव ने लगातार तीन कार्यकाल पूरे किये हैं।संसद भवन एनेक्सी में दोपहर 12.30 बजे जनता दल यू राष्ट्रीय परिषद की बैठक शुरू हुई थी। बैठक में जद (यू) के नए अध्यक्ष का चुनाव होना था क्योंकि शरद यादव ने लगातार चौथे कार्यकाल के लिए अपना नाम पीछे करते हुए पद से इस्तीफा दे दिया है। इसलिए चौथे कार्यकाल के लिए उनके चुनाव लड़ने की संभावना न होने पर नीतीश कुमार को पार्टी का नया प्रमुख चुन लिया गया। नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से पार्टी का नेतृत्व करने के लिए चुना गया है। इस नेतृत्व परिवर्तन के साथ ही शरद यादव के अध्यक्ष पद के 10 साल के कार्यकाल का अंत हो गया। शरद यादव और नीतीश कुमार इस पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं। शरद यादव 2006 से जेडीयू के अध्यक्ष बने थे और साल 2013 में तीसरी बार पार्टी अध्यक्ष चुने गए थे, तब पार्टी के संविधान में बदलाव करके उन्हें अध्यक्ष बनाया गया था। दरअसल पार्टी के संविधान में लगातार दो बार से ज्यादा अध्यक्ष बनाए जाने पर पाबंदी थी। जेडीयू बिहार से बाहर भी चुनावी मैदान में अपना दम दिखाने की तैयारी में है। इस कड़ी में पूर्व केंद्रीय मंत्री अजित सिंह की पार्टी आरएलडी और झारखंड के पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा जेडीयू में विलय को तैयार है।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +