Friday, 18 March 2016

तीन दिवसीय कृषि उन्नति मेला शनिवार से, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

तीन दिवसीय कृषि उन्नति मेला शनिवार से, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
राजधानी दिल्ली में पूसा आईएआरआई स्थित प्रदर्शनी मैदान पर शनिवार से शुरू हो रहा तीन दिवसीय कृषि उन्नति मेला देश के कृषि विकास और किसान कल्याण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 मार्च को प्रात: 11:00 बजे मेले का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर आठ राज्यों को कृषि कर्मण पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा है कि कृषि के विकास और किसानों के लिए मोदी सरकार ने ऐसे कई ऐतिहासिक फैसले किए है और योजनाएं शुरू की हैं जो देश के किसानों और कृषि विकास में अहम भूमिका निभाने वाली हैं। इसी उद्देश्य से मोदी सरकार का नया बजट-गांव, गरीब और किसानों पर केंद्रित है। वहीं कृषि वैज्ञानिकों ने अपने शोध के जरिए ऐसी नई किस्मों की खोज और तकनीक विकसित की हैं जो उत्पादकता को बढाने के साथ साथ किसान की अर्थिक स्थिति को भी मजबूत बनाने में सहायक साबित हो सकती हैं। श्री सिंह ने कहा कि यह कृषि उन्नति मेला अपने आप में ऐतिहासिक होगा क्योंकि पहली बार दिल्ली में देश भर से लाखों किसान ऐसे किसी मेले में भाग लेंगे जो सिर्फ कृषि और उससे संबंधित विषयों पर होगा। मेले के आयोजन का उदेदश्य किसानों को उन योजनाओं, फसलों और नए शोध व टैक्नोलॉजी से अवगत कराना है जो उनके लिए उपयोगी है। देश का किसान मेहनती है लेकिन कई बार जागरूकता न होने की वजह से भी बेहतर परिणाम सामने नहीं आ पाते। हमारा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय कृषि की उन्नति, किसानों के कल्याण एवं उनके हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रहा है। इस मेले में सभी राज्यों के किसानों, वैज्ञानिकों, नीति निर्माताओं और अन्य हितधारकों का विशाल समागम एकत्र होगा। आयोजन को क्षेत्रीय भाषाओं में वेबकास्ट के माध्यम से किसानों सहित लाखों हितधारक जिला और विकासखंड स्तर पर पहुंचेंगे। इस बात का प्रयास किया गया है की इस मेले में प्रत्येक प्रखण्ड से कम से कम 2 किसान अवश्य भाग लें। यह मेला भारत सरकार के कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय एंव भारतीय कृषि अनुंसधान संस्थान पूसा का संयुक्त आयोजन है। भारतीय उद्योग परिसंघ इस विशाल आयोजन का रणनीतिक भागीदार है। इस आयोजन की अनूठी विशेषताओं में विभिन्न फसलों, पशुओं, पक्षियों और मछलियों का जीवित प्रदर्शन और किसानों तथा वैज्ञानिकों के बीच क्षेत्रीय भाषाओं में सीधा संवाद शामिल है। मेले में मुख्य आकर्षणों में से एक चार बड़े प्लाटों में कृषि और बागवानी फसलों, पशुपालन, नवीन प्रौद्योगिकियों और यंत्रीकरण का प्रदर्शन शामिल है जिसे किसान सजीव रूप में देख सकते हैं।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +