Tuesday, 8 March 2016

कन्हैया के सिर इनाम रखने वाला गिरफ्तार

कन्हैया के सिर इनाम रखने वाला गिरफ्तार
जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार को गोली मारने वाले व्यक्ति को ग्यारह लाख रुपए इनाम देने की घोषणा करने वाले आदर्श शर्मा को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
आदर्श की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता ने यहां बताया कि आरोपी आदर्श को गिरफ्तार करने को लेकर पुलिस ने उसके रोहिणी स्थित किराए की मकान में छापा मारा था। साथ ही पुलिस उसके परिवारों और दोस्तों के घर पर भी दबिश दी थी। आदर्श का पता लगाने के लिए पुलिस ने एक टीम उसके गृह राज्य बिहार के बेगूसराय भी भेजी थी। वही उसकी संपत्ति का पता लगाने के लिए पुलिस ने आदर्श के बैंक अकाउंट भी जांचा था, जिसमें पता चला था कि उसके बैंक अकाउंट में सिर्फ 150 रुपये जमा हैं। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पुलिस को यह भी पता चला है कि उसने पिछले कई महीनों से किराया भी नहीं दिया है।
जानकारी हो कि स्वयं को पूर्वांचल सेना का अध्यक्ष बताते हुए उसके नाम से दिल्ली प्रेस क्लब के बाहर गत शनिवार रात पोस्टर लगाकर यह ऐलान किया गया था कि कन्हैया को जान से मारने वाले को ग्यारह लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। पोस्टर पर आदर्श शर्मा का नाम और नंबर दिया गया था। बाद में पुलिस ने संसद मार्ग थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया था। जिसके बाद आदर्श पुलिस की पकड़ से बाहर था।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +