Wednesday, 27 January 2016

25 लाख लोगों ने लगाई पुण्य की डुबकी

25 लाख लोगों ने लगाई पुण्य की डुबकी

माघ मेले के दूसरे अहम स्नान पर्व पौष पूर्णिमा पर रविवार को पावन त्रिवेणी में लाखों भक्तों ने पुण्य की डुबकी लगाई। प्रशासन ने संगम में शाम पांच बजे तक करीब 25 लाख श्रद्धालुओं के स्नान करने का दावा किया है।आतंकी खतरे के मद्देनजर स्नान के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। तड़के चार बजे से ही माघ मेला क्षेत्र में घने कोहरे के बीच स्नान-दान का क्रम शुरू हो गया था। हर-हर गंगे की गूंज के बीच लाउडस्पीकरों से गूंजते मंत्रोच्चार व भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने संगम व अन्य स्नान घाटों की तरफ रुख कर लिया था। ठंड और कोहरा आस्था के लिए बेमानी रहा।क्या बुजुर्ग-क्या युवा? जैसे-जैसे मौसम साफ हुआ भीड़ बढ़ती गई। इस स्नान पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी थी। घाटों पर डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते के जवान अलर्ट थे। जल पुलिस के जवानों ने नजर रखी।संगम के साथ गंगा में डुबकी लगाकर जलांजलि देते हुए पुण्य की कामना रखने वाले कल्पवासियों संग श्रद्धालुओं ने यथासंभव दान-पुण्य किया। पौष पूर्णिमा स्नान के साथ ही माह भर के कल्पवास का भी विधिवत आरंभ हुआ।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +