Tuesday, 5 January 2016

19 जनवरी को जामिया दीक्षांत समारोह, मोदी नहीं होंगे शामिल

19 जनवरी को जामिया दीक्षांत समारोह, मोदी नहीं होंगे शामिल

19 जनवरी को जामिया मिलिया इस्लामिया के वार्षिक दीक्षांत समारोह में अब वैज्ञानिक गोवर्धन मेहता मुख्य अतिथि होंगे क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समय की कमी के कारण इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करने में असमर्थता जताई है। विश्वविद्यालय ने नवंबर में मोदी को आमंत्रित किया था जिससे नया विवाद खड़ा हो गया था क्योंकि कई पूर्व छात्रों ने मोदी द्वारा वर्ष 2008 में विश्वविद्यालय के खिलाफ टिप्पणियों को देखते हुए आमंत्रण वापस लेने की मांग की थी।हालांकि जामिया ने मांग खारिज कर दी थी और कहा था कि वह दीक्षांत समारोह की तारीख पर फैसला करने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के जवाब तक का इंतजार करेगा।जामिया प्रवक्ता मुकेश रंजन ने कहा, ‘‘हमें पीएमओ से जवाब मिला है कि प्रधानमंत्री समय की कमी की वजह से विश्वविद्यालय का दौरा नहीं कर पाएंगे। इसलिए, हमने गोवर्धन मेहता को आमंत्रित किया है जिन्होंने अपनी रजामंदी दी है जिसके बाद हमने उचित तारीख पर फैसला किया।’’ रंजन ने कहा कि विश्वविद्यालय को पूर्व छात्रों के विरोध से कोई लेना देना नहीं है और वह निकट भविष्य में कभी मोदी की मेजबानी को लेकर आशान्वित है।कुछ पूर्व छात्र इसलिए विरोध कर रहे हैं क्योंकि मोदी ने सितंबर वर्ष 2008 में बटला हाउस मुठभेड़ के बाद जामिया पर निशाना साधा था। मोदी ने वर्ष 2008 में गुजरात में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था, ‘‘दिल्ली में जामिया मिलिया इस्लामिया नाम का एक विश्वविद्यालय है। इसने सार्वजनिक रूप से घोषणा की है कि वह कृत्य में शामिल आतंकवादियों का कानूनी लड़ाई का खर्च उठाएगा। जाकर डूब मरो। यह जामिया मिल्लिया सरकारी खर्च पर चल रहा है और यह आतंकवादियों को जेल से बाहर निकालने के लिए वकीलों पर धन खर्च करने की हिम्मत कर रहा है। यह वोटबैंक की राजनीति कब खत्म होगी?’’

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +