कांग्रेस ने उठाया मुद्दा सुब्रमण्यम स्वामी को सरकारी बंगला क्यों दिया गया!
नेशनल हेराल्ड मुद्दे को लेकर एक दूसरे पर निशाना साधते हुए कांग्रेस ने जहां आज आरोप लगाया कि मोदी सरकार प्रतिशोध की राजनीति में लिप्त है वहीं भाजपा ने दावा किया कि यह एक कानूनी मामला है और विपक्षी दल जनता को गलत संदेश देने का प्रयास कर रही है।कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सरकार की कार्यवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर वह राजनीतिक बदले की कार्रवाई में शामिल नहीं है तो सुब्रमण्यम स्वामी को जेड श्रेणी की सुरक्षा और कल ही उन्हें एक कैबिनेट मंत्री का बंगला क्यों दिया गया।
स्वामी हेराल्ड मामले में शिकायतकर्ता हैं।सुरजेवाला ने हालांकि इस बात पर जोर दिया कि उनकी पार्टी और नेतृत्व का न्यायपालिका और उसकी प्रक्रिया में पूरा भरोसा है और हम अदालत में कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा, ‘हम कानून के मुताबिक कानूनी लड़ाई लड़ेंगे और मोदी सरकार के साथ राजनीतिक लड़ाई को संसद से लेकर सड़क तक लड़ेंगे।
भाजपा प्रवक्ता जेवीएल नरसिंहा राव ने इस बीच कहा कि शुरूआत में कांग्रेस पार्टी का प्रयास दवाब बनाने और जनता के बीच यह राय बनाने का था कि यह किसी तरह का प्रशासनिक कार्रवाई या विरोधियों द्वारा राजनीतिक बदले की कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है कि यह एक कानूनी मामला है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा और आरएसएस दोनों पर निशाना साधा और उनपर आरोप लगाया कि वे हमेशा नेहरू गांधी परिवार को अपने विकास में ‘सबसे बड़ा खतरा’ मानते हैं। सिंह ने ट्वीटर पर अपनी टिप्पणियों में कहा, ‘भाजपा आरएसएस दोनों हमेशा नेहरूवादी विचारधारा और नेहरू गांधी परिवार को अपने विकास में सबसे बड़ा खतरा मानते हैं।’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘उन्होंने उनके खिलाफ सतत अभियान चलाया है। नेशनल हेराल्ड मामला उनके खिलाफ निंदा अभियान का एक अन्य उदाहरण है।’ उन्होंने कहा कि देश की जनता उन्हें मुंहतोड़ जवाब देगी जैसा कि उन्होंने पहले किया था। गांधी नेहरूवादी विचारधारा भारत के लोकचार में अंतर्निहित है।

No comments:
Write comments