फिरोजशाह कोटला मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे और आखिरी टेस्ट मैच के दूसरे दिन आज भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 7 विकेट पर 231 रन से आगे खेलना शुरू किया। अंजिक्य रहाणे ने कल की पारी को आगे बढ़ाते हुए सीरीज का पहला शतक जमाया। रहाणे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 181 गेंदों पर शतक पूरा किया। उनका द. अफ्रीका के खिलाफ यह पहला शतक है। रहाणे ने करियर का 5वां और भारत में अपना पहला शतक जमाया। रहाणे 127 रन बनाकर इमरान ताहिर का शिकार बने।भारत ने टॉस जीतकर धीमी शुरुआत की। शिखर धवन (33) और मुरली विजय (12) काफी सुस्त नजर आए। यही कारण था कि भारतीय पारी के 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर पहला चौका लगा। तमाम सावधानी के बावजूद विजय 30 के कुल योग पर पीड की गेंद पर स्लिप में हाशिम अमला के हाथों लपके गए। विजय ने 59 गेंदों का सामना कर 12 रन बनाए। 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर विजय दूसरे स्लिप में लपक लिए गए थे लेकिन उनका सौभाग्य था कि केल एबॉट की वह गेंद नो बॉल करार दी गई। उस समय विजय 10 रनों पर खेल रहे थे।इसके बाद चेतेश्वर पुजारा (14) और धवन ने दूसरे विकेट के लिए 32 रन जोड़े। धवन का विकेट भोजनकाल के ठीक बाद 62 के कुल योग पर गिरा। धवन ने 85 गेंदों पर चार चौके लगाए। कुल योग में अभी चार रन ही जुड़े थे कि पुजारा भी चलते बने। पुजारा 37 गेंदों का सामना कर एक चौका और एक छक्का लगाया। पुजारा की विदाई के बाद कप्तान के तौर पर दिल्ली में अपना पहला टेस्ट खेल रहे कोहली ने रहाणे के साथ 70 रनों की साझेदारी निभाई। कोहली 62 गेंदों पर सात चौके लगाने के बाद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से कैच आउट हुए।कोहली का विकेट 136 के कुल योग पर गिरा। उनका स्थान लाने आए रोहित ने एक बार फिर निराश किया। रोहित 138 के कुल योग पर पीड की गेंद पर इमरान ताहिर के हाथों लपके गए। रिद्धिमान साहा (1) का विकेट 139 के कुल योग पर गिरा। साहा का विकेट गिरने के बाद जडेजा और रहाणे ने 59 रनों की अहम साझेदारी निभाई। जडेजा 198 के कुल योग पर आउट हुए। जडेजा की 59 गेंदों की पारी में तीन चौके शामिल हैं।दक्षिण अफ्रीका की ओर से डेन पीट ने 4 और काइल एबॉट ने 3 विकेट लिए।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Write comments