Friday, 4 December 2015

भारत के विशाल स्कोर के सामने दक्षिण अफ्रीका लड़खड़ाई,121 रन पर सिमटी

कोटला टेस्ट में भारत की पहली पारी में 334 रन के जवाब में द. अफ्रीका की पारी जल्द ही लड़खड़ा गई है। भारत की पहली पारी के बाद बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम 121 रन पर ही ऑलआउट हो गई। अफ्रीकी की ओर से किसी भी बल्लेबाज ने खास प्रदर्शन नहीं किया। वहीं भारत के गेंदबाज रविंद्र जड़ेजा ने पांच विकेट लिए तो अश्विन और यादव ने 2-2 जनों को पवैलियन की राह दिखाई।अफ्रीका ने अपना पहला विकेट डीन एल्गर के रूप में गंवाया। एल्गर को उमेश यादव ने 17 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा। इसके बाद रविंद्र जडेजा ने मोर्चा संभालते हुए दो विकेट निकाले। जडेजा ने पहले टेंबा बवूमा को 22 रन पर आउट किया फिर कप्तान हाशिम अमला को 3 रन पर आउट कर एक और तगड़ा झटका दिया। दूसरे दिन का आकर्षण हालांकि रहणे की 215 गेंद में 127 रन की पारी रही और वह मौजूदा श्रृंखला में शतक जड़ने वाले किसी टीम के पहले बल्लेबाज भी बने। दायें हाथ के इस बल्लेबाज ने अपने पांचवें शतक के दौरान 11 चौके और दो छक्के जड़े। उन्होंने रविचंद्रन अश्विन (56) के साथ आठवें विकेट के लिए 193 गेंद में 98 रन की साझेदारी भी की। अश्विन ने इस दौरान टेस्ट क्रिकेट में छठा अर्धशतक जड़ा।रहाणे और अश्विन के बीच यह साझेदारी श्रृंखला के दौरान दोनों टीमों की ओर से अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी भी है। इससे पहले मुरली विजय और चेतेश्वर पुजारा ने 86 रन की साझेदारी की थी। रहाणे का भारतीय सरजमीं पर यह पहला टेस्ट शतक है जबकि मौजूदा श्रृंखला में कोई टीम पहली बार 300 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रही है। इससे पहले सर्वोच्च स्कोर 215 रन था जो भारत ने नागपुर में बनाया था। इतना ही नहीं पहले सत्र में भारत ने सिर्फ एक विकेट गंवाया और यह श्रृंखला पहला मौका है जब किसी सत्र में सिर्फ एक विकेट गिरा और 95 रन बने। रहाणे ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला शतक जड़ा। वह इससे पहले ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के खिलाफ उनकी सरजमीं पर शतक जड़ चुके हैं।रहाणे की यह पारी इसलिए भी अहम है क्योंकि इसी मैदान पर टेस्ट पदार्पण करते हुए वह दोनों पारियों में सात और एक रन ही बना पाए थे। रहाणे ने काइल एबोट पर स्ट्रेट ड्राइव से चौका जड़कर 180 गेंद में शतक पूरा किया। उन्होंने शतक पूरा करने के बाद आफ स्पिनर डेन पीट के ओवर में दो छक्के मारे। वह हालांकि 101 रन के स्कोर पर भाग्यशाली भी रहे जब बायें हाथ के स्पिनर डीन एल्गर की गेंद पर विकेटीपर डेन विलास ने उनका कैच टपका दिया।रहाणे हालांकि इसके बाद इमरान ताहिर की फुल लेंथ गेंद को सीधे कवर्स में खड़े एबी डिविलियर्स के हाथों में खेल बैठे। अश्विन ने भी रहाणे का अच्छा साथ निभाया और ढीली गेंदों पर आकर्षक शॉट खेले। उन्होंने अपनी पारी के दौरान छह चौके जड़े और इस दौरान ताहिर पर चौके के साथ अर्धशतक पूरा किया।अश्विन हालांकि लंच के बाद एबोट की गेंद को अच्छी तरह पुल नहीं कर पाए और डिविलियर्स को कैच दे बैठे। एबोट ने दो गेंद बाद इशांत (0) को पगबाधा ऑउट करके भारत की पारी का अंत किया। एबोट ने दक्षिण अफ्रीका की ओर से 40 देकर पांच जबकि पीटर ने 117 रन देकर चार विकेट चटकाए।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +