Tuesday, 24 November 2015

आमिर खान के बयान पर भड़के बीजेपी नेता, साक्षी, शाहनवाज हुसैन ने आमिर पर साधा निशाना!

अभि‍नेता आमिर खान के बयान के बाद असहिष्णुता के मुद्दे पर देश में एक बार फिर बहस छिड़ गई है। बीजेपी नेताओं ने आमिर खान पर जमकर निशाना साधा है।बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि आमिर की पत्नी हिंदुस्तान में नहीं तो क्या तालिबान में रहना चाहती हैं। उनकी पत्‍नी कहां जाना चाहती हैं, वे भारत नहीं तो क्‍या ईरान, इराक में रहेंगी। क्‍या उनकी पत्‍नी अब तालिबान में रहेंगी? साक्षी ने कहा कि मुझे नहीं लगता असहिष्णुता पर जो बयान दिया गया है वो आमिर खान के शब्द है, अगर इसमें सच्चाई है तो उनका मन गंदा है। हो सकता है कि आमिर खान साजिश के शिकार हुए हैं। उन्होंने कहा कि आमिर की फिल्में देश में करोड़ों रुपये कमाती है और उसके बावजूद वो ऐसा कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत पूरे विश्व में सबसे सहनशील राष्ट्र है। बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आमिर खान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आमिर खान ने पब्लिसिटी के लिए इस तरह का बयान दिया है। इस देश ने आमिर खान को प्यार और सम्मान दिया और स्टार बनाया है। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि आमिर के इस बयान से देश को फायदा नहीं नुकसान हुआ है।आमिर इस तरह के बयान से डर नहीं रहे बल्कि जनता को डरा रहे हैं। वही शाहनवाज हुसैन ने कहा कि अतुल्य भारत कभी असहिष्णु नहीं हो सकता है। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि यह असहिष्णुता का माहौल पैदा कर कांग्रेस द्वारा देश को बदनाम करने की ‘गहरी राजनीतिक साजिश’ है। राहुल गांधी ने आमिर खान की टिप्पणियों का समर्थन किया है। गौरतलब है कि आमिर खान ने सोमवार को कहा था कि उनकी पत्नी किरण राव ने उन्हें देश छोड़ने तक की सलाह दी थी। शाहनवाज ने हैरानी जाहिर करते हुए कहा, ‘आमिर और उनका परिवार भारत के अलावा कहां जाएंगे। भारत जैसा बेहतर और कोई देश नहीं है और एक भारतीय मुसलमान के लिए एक हिंदू से अच्छा पड़ोसी कोई नहीं है । हुसैन ने आमिर खान के समर्थन में आने के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, ‘यह देश की छवि खराब करने के अभियान में कांग्रेस की संलिप्तता दर्शाता है । कांग्रेस एक निर्वाचित सरकार और लोकप्रिय प्रधानमंत्री को बर्दाश्त नहीं कर सकती । जब देश नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तरक्की कर रहा है तो कांग्रेस देश की छवि खराब करने का माहौल तैयार कर रही है ।’भाजपा नेता शाहनवाज ने कहा, ‘कांग्रेस सिखों के नरसंहार और कई सांप्रदायिक दंगों की जिम्मेदार है। पार्टी को देश को सहिष्णुता और असहिष्णुता के बारे में पाठ नहीं पढ़ाना चाहिए। आमिर खान को यह पता होना चाहिए कि यह अतुल्य भारत है और किसी को इसकी छवि खराब करने के लिए कुछ नहीं करना चाहिए।’ शाहनवाज ने कहा, ‘आमिर ने सभी भारतीयों के प्यार और सम्मान से ही सम्मान, लोकप्रियता और धन हासिल किया है । जब आप एक स्टार बन जाते हैं तो आपकी टिप्पणियां हो सकता है कि आपको सुखिर्यों में ला दें और अच्छा कवरेज मिले लेकिन दुश्मनों द्वारा उनका इस्तेमाल देश के खिलाफ किया जाता है ।’ हुसैन ने कहा कि आमिर की टिप्पणियां यह दर्शाती हैं कि उन्हें डर नहीं लग रहा है बल्कि वह दूसरों को डरा रहे हैं तथा भाजपा उनके आरोप को खारिज करती है ।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +