Sunday, 1 November 2015

उत्पादों के निर्यात के लिए समर्थन बढ़ाने की घोषणा

उत्पादों के निर्यात के लिए समर्थन बढ़ाने की घोषणा 

देश का निर्यात बढ़ाने के इरादे से केंद्र ने कपड़ा और
इलेक्ट्रानिक समेत कई उत्पादों को 3,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन दिया है।
वाणिज्य मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा, ‘वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुस्ती के मद्देनजर भारतीय निर्यातकों के समक्ष आ रही प्रमुख चुनौतियों के मद्देनजर वाणिज्य विभाग ने विभिन्न उत्पादों के निर्यात के लिए समर्थन बढ़ाने की घोषणा की है। इसके अलावा कुछ अतिरिक्त उत्पादों को भारत से वस्तुओं के निर्यात की योजना (एमईआईएस) में शामिल किया गया है।’ वाणिज्य सचिव ने सात अक्तूबर को निर्यातकों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद यह बताया कि चालू वित्त वर्ष में निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं के लिये आबंटन 18,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 21,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
सरकार के इस कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय निर्यातकों के संगठनों का परिसंघ (फियो) ने कहा कि प्रोत्साहन बढ़ने से कीमत प्रतिस्पर्धा होगी और निर्यात में मौजूदा गिरावट को रोकने में मदद मिलेगी।
फियो के महानिदेशक अजय सहाय ने कहा कि 3,000 करोड़ रुपये के प्रोत्साहन से भारतीय निर्यातकों को इस चुनौतीपूर्ण समय में मदद मिलेगी। मौजूदा संशोधन में एमईआईएस योजना के तहत 110 नई टैरिफ लाइन (उत्पाद वर्ग) शामिल की गयी हैं। वहीं 2,228 अन्य उत्पादों के लिए दरों में बढ़ोतरी या देशों का विस्तार या दोनों दिए गए हैं।
एमईआईएस के तहत सरकार उत्पाद और देश के आधार पर दो प्रतिशत, तीन प्रतिशत और पांच प्रतिशत का शुल्क-लाभ प्रदान करती है।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +