Thursday, 19 July 2018

पूर्व प्रदेशाध्यक्ष यादव समर्थक कांग्रेस कोषाध्यक्ष के बयान से नाराज हुए,


पूर्व प्रदेशाध्यक्ष यादव समर्थक कांग्रेस कोषाध्यक्ष के बयान से नाराज हुए,

गांधी भवन में गुरुवार दोपहर प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष गोविंद गोयल के भाषण के दौरान कही बात से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव समर्थक और कुछ कार्यकर्ता नाराज हो गए। उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों के सामने जमकर हंगामा किया। नेताओं ने समझाने की कोशिश की लेकिन उन्होंने एक न सुनी। करीब 20 मिनट तक हंगामा चलता रहा। गांधी भवन में शहर कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष विनय बाकलीवाल का पदभार ग्रहण समारोह था। उसमें कोषाध्यक्ष गोयल भाषण दे रहे थे।
उन्होंने जब कहा- साढ़े चार साल, अभी के साढ़े चार साल की बात कह रहा हूं। हम लोगों ने जितना कांग्रेस को मजबूत करने का काम किया सो किया, उतना ही खुद को मजबूत करने का काम किया।जैसे ही उन्होंने यह बात बिना किसी का नाम लिए कही, यादव समर्थक अनिल यादव, दीपू यादव सहित अन्य लोगों ने तुरंत रोका। उन्हें लगा कि गोयल का इशारा उनके नेता की ओर है। इस बीच देवेंद्रसिंह यादव ने कहा कार्यकर्ताओं को ऐसा कैसे बोल सकते हैं। कार्यकर्ता हमेशा से कांग्रेस को मजबूत करने में ही लगा है। विवाद बढ़ता देख बाकलीवाल, कृपाशंकर शुक्ला, तुलसी सिलावट, मोहन सेंगर, राजेश चौकसे सहित अन्य नेताओं ने बीच बचाव किया।
मेरी आधी बात ही सुनी और हंगामा शुरू कर दिया :गोयल ने कहा मैं अपनी बात कह रहा था कि बीच में कुछ कार्यकर्ताओं ने गलत मतलब निकालकर हंगामा शुरू कर दिया। अधूरी बात ही उन्होंने सुनी। बाद में मुझे बोलने ही नहीं दिया। मेरा इशारा कार्यकर्ताओं में जोश भरना था। उसके लिए मैं अपनी शैली में बात कह रहा था। मेरा कहना यह था कि अब चार महीने में चुनाव है, सभी जुट जाएं और कांग्रेस को जितवाएं।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +