मेहनत का पूरा लाभ और सम्मान किसानों को मिलेगा
: मुख्यमंत्री चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मुरैना
जिले में किसान सम्मान यात्रा के अंतर्गत आयोजित किसान सभा में कहा कि किसानों को
उनकी मेहनत का पूरा लाभ और सम्मान मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शस्त्र
लायसेंस के नवीनीकरण पर लगने वाली फीस माफ करने की घोषणा की। श्री चौहान ने इस
मौके पर जिले के किसानों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की मेहनत से ही
प्रदेश को पांच बार कृषि कर्मण अवार्ड मिला है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता ही खुश
नहीं होगा, तो प्रदेश कैसे सुखी हो सकता है। उन्होंने कहा
कि प्रदेश में सिंचाई क्षमता 40 लाख हेक्टेयर है। वर्ष 2025 तक
सिंचाई क्षमता 80 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री
ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिये सरकार कई योजनाएँ
संचालित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अब फसल का मूल्य निर्धारण करने के लिए
प्रदेश स्तर पर समिति गठित की गई है। फसलों के निर्यात के लिए कृषि उत्पाद निर्यात
एजेंसी बनाई जा रही है।
श्री चौहान ने कहा कि किसान के घाटे की भरपाई
प्रदेश सरकार करेगी। किसी भी आपदा से किसान की फसल को 50 प्रतिशत से
अधिक नुकसान होता है, तो उसे प्रति हेक्टेयर 30 हजार की राहत
राशि दी जाएगी। असंगठित श्रमिक कल्याण योजना में ढाई एकड़ से कम भूमि वाले किसान को
भी शामिल किया गया है। चंबल क्षेत्र के विकास के लिए सरकार किसानों के साथ है।
चंबल नहर का पानी पूरे चंबल रीजन में पहुँचाया जा रहा है। चंबल के बीहड़ों को गुलजार
करने के लिए चंबल एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जा रहा है। इसी के साथ चंबल रीजन
में आर्मी की भर्ती के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान
सम्मान यात्रा का उद्देश्य किसानों को उनकी मेहनत का पूरा लाभ देना तथा खेती को
लाभ का धंधा बनाना है। यात्रा प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी और
किसानों का सम्मान करेगी।
किसानों को मिलेंगे पूर्व वर्ष के 200
रूपए : मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष के पंजीकृत किसानों को भी 200
रूपए प्रति क्विंटल के मान से उनके खाते में राशि प्रदान की जायेगी। जानकारी एसएमएस
के माध्यम से किसानों को दी जायेगी। किसानों द्वारा खाता नम्बर में कोई परिवर्तन
किया गया है, तो वे इसमें संशोधन करा सकते हैं। राशि किसानों
को 16 अप्रैल को प्रदान की जायेगी।
किसान समृद्धि योजना में मिलेंगे 265
रूपए : श्री चौहान ने कहा कि किसानों को किसान समृद्धि योजना के तहत 265
रूपए प्रति क्विंटल की प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। कोई कृषक समर्थन मूल्य पर गेंहू
की फसल अगर मंडी में बेचता है, तब भी उसे प्रोत्साहन राशि प्रदान की
जायेगी।
अल्पकालीन फसल ऋण की देय तिथि अब 27
अप्रैल : मुख्यमंत्री ने कहा कि खरीफ वर्ष 2017 में प्राथमिक
कृषि साख सहकारी समितियों द्वारा जीरो प्रतिशत ब्याज पर वितरित अल्पावधि फसल ऋण की
देय तिथि 28 मार्च से बढ़ाकर 27 अप्रैल कर दी
गई है। किसानों के हितों को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा
कि कृषि कार्य से जुड़े युवा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग लगायें। इसके लिए सरकार 10
लाख से लेकर 2 करोड़ रूपये तक लोन दिलवाएगी। लोन की गांरटी भी
सरकार देगी। योजना में 15 प्रतिशत का अनुदान दिया जाएगा और 7
वर्ष तक ब्याज सरकार भरेगी।
केन्द्रीय पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री
श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि वर्ष 2003 के पहले गेंहू
उत्पादन में लोग पंजाब और हरियाणा का नाम लिया करते थे। आज मध्यप्रदेश इस क्षेत्र
में देश में नम्बर वन प्रदेश बन गया है। सांसद श्री नन्द कुमार चौहान ने भी समारोह
को संबोधित किया।
इस अवसर पर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती
माया सिंह, स्वास्थ्य मंत्री श्री रूस्तम सिंह, सामान्य
प्रशासन राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य, महापौर श्री अशोक अर्गल, जिला
पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता हर्षाना, सांसद श्री भागीरथ प्रसाद, विधायक
श्री सत्यपाल सिंह सिकरवार, श्री भारत सिंह कुशवाह, श्री
सूवेदार सिंह रजौधा, श्री दुर्गालाल विजय, श्री नरेन्द्र
सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री श्री मुंशीलाल, संगठन
मंत्री श्री शैलेन्द्र वरूआ, प्रदेश महामंत्री श्री बी.डी. शर्मा,
प्रदेश
संगठन मंत्री सुभाष भरत, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में
कृषक एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
किसान सम्मान यात्रा की अगवानी : मुख्यमंत्री
श्री चौहान ने प्रदेश की सीमा आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुरैना के समीप
किसान सम्मान यात्रा की अगवानी की। तत्पश्चात रथ में किसान सम्मेलन में पहुँचे।
यात्रा मथुरा के बलदाऊ मंदिर से चलकर मुरैना पहुँची थी।
No comments:
Write comments