बुरहानपुर की महिलाओं को आत्म-निर्भर बनायेगा चरखा : मंत्री श्रीमती चिटनीस

महिला बाल विकास मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने शुक्रवार को बुरहानपुर में चरखा प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारंभ किया। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर जिले की गरीब महिलाओं को चरखा चलाने का प्रशिक्षण देकर आर्थिक रूप से आत्म-निर्भर बनाया जायेगा।
मंत्री श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर एवं शाहपुर में खादी ग्रामोद्योग द्वारा 35-35 महिलाओं को चरखा चलाने का एक-एक माह का प्रशिक्षण दिलाया जायेगा। इन महिलाओं को प्रशिक्षण के दौरान मानदेय भी दिया जायेगा तथा प्रशिक्षण उपरांत चरखे पर किए गए कार्य की मजदूरी भी इन महिलाओं को मिलेगी। चरखा संचालन से ये महिलाएं लगभग 200 रूपये प्रतिदिन कमा सकती है।
मंत्री श्रीमती चिटनिस ने बताया कि शाहपुर में मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण भी महिलाओं को खादी ग्रामोद्योग आयोग द्वारा दिलवाया जायेगा। मधुमक्खी पालन करके महिलाएं घर बैठे आय प्राप्त कर सकती हैं।
महिला बाल विकास मंत्री ने कहा कि मुद्रा योजना के तहत महिलाओं को चरखा खरीदने अथवा मधुमक्खी पालन की इकाई स्थापित करने के लिए ऋण दिया जाएगा। निकट भविष्य में लिज्जत पापड़ समूह द्वारा बुरहानपुर की महिलाओं को पापड़ निर्माण का प्रशिक्षण दिया जायेगा। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर की महिलाओं को कपड़े की थैली निर्माण एवं कागज की थैली निर्माण कार्य से जोड़कर भी आत्मनिर्भर बनाया जायेगा।
No comments:
Write comments