भोपाल में वाटर स्पोर्टस की असीम संभावनाएँ : एडमिरल लाम्बा
बड़ी झील स्थित जलक्रीड़ा केन्द्र पर आज भारतीय नौ सेना अध्यक्ष एवं भारतीय पाल नौकायन संघ के अध्यक्ष एडमिरल सुनील लाम्बा ने छह दिवसीय राजा भोज मल्टीक्लॉस सेलिंग चैम्पियनशिप के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने की। इस अवसर पर भारतीय पॉल नौकायन संघ के मानद महासचिव कोमोडोर अतुल आनन्द, एशियन सेलिंग फेडरेशन के अध्यक्ष डाँ. मालव श्रॉफ, चेयरमेन एस.पी.डी.सी. अशोक ठक्कर, सचिव खेल सचिन सिन्हा, संचालक खेल और युवा कल्याण उपेन्द्र जैन, कमिश्नर भोपाल संभाग अजातशत्रु वास्तव, थ्री ईएमई सेंटर के कमांडेण्ट ब्रिगेडियर राजीव साहनी, अर्जुन अवार्डी एवं मुख्य खेल प्रशिक्षक सेलिंग जी.एल. यादव सहित खेल प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद थे। समारोह के मुख्य अतिथि एडमिरल सुनील लाम्बा, खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया सहित अतिथियों ने वोट में बैठकर बड़ी झील का भ्रमण किया और खिलाड़ियों के अभ्यास का नजदीकी से अवलोकन किया।
गौरतलब है कि सेलिंग चैम्पियनशिप में देशभर के करीब 250 खिलाड़ी और अधिकारी भागीदारी कर रहे हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न प्रकार की बोट्स पर दस इवेन्ट खेले जाएंगे। प्रतिदिन सुबह 8.30 से 11.30 बजे तक और अपरांह 2 से 5 बजे तक सेलिंग खिलाड़ी प्रतियोगिता में खेल जौहर का प्रदर्शन करेंगे। भोपाल में पहली बार वृहद स्तर पर यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
वाटर स्पोर्टस को पैशन बनाएं खिलाड़ी
भारतीय नौ सेना के अध्यक्ष एवं भारतीय पाल नौकायन संघ के अध्यक्ष एडमिरल सुनील लाम्बा ने अपने उदबोधन में कहा कि मुझे झीलों के शहर में आकर बहुत खुशी हुई। यह जानकर भी प्रसन्नता हुई कि यहां देश का पहला सेलिंग स्कूल वर्ष 2006 में प्रारंभ हुआ और यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मैडल जीत रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार के सहयोग और खेल मंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खेल विभाग वाटर स्पोर्टस को बेहतर तरीके से प्रोत्साहित कर रहा है। एडमिरल सुनील लाम्बा ने भारतीय पाल नौकायन संघ की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वाटर स्पोर्टस केवल खेल ही नहीं बल्कि एक एडवेंचर है जिसमें खिलाड़ियों के साहस और शारीरिक विकास में बढ़ोतरी होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को वाटर स्पोर्टस खेल में पानी के डर को दूर कर इसे अपना पैशन बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि वर्ष 2006-07 से प्रारंभ हुई वाटर स्पोर्टस अकादमी ने आज पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं की बदौलत हमारे खिलाड़ियों ने सीनियर कयाकिंग-केनोइंग और रोइंग में मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय चैम्पियन बनाया है। खेल मंत्री ने शैला चार्ल्स, हर्षिता तोमर, उमा चौहान, राम मिलन यादव आदि खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों के खिलाड़ी यहां अपने शानदार खेल प्रदर्शन से सफलता की कहानी रच रहे है। खेलमंत्री ने एडमिरल सुनील लाम्बा का अंभिनन्दन किया।
समारोह के प्रारंभ में संचालक खेल और युवा कल्याण उपेन्द्र जैन ने स्वागत उदबोधन में कहा कि भोपाल में ही देश की एक मात्र वाटर स्पोर्टस अकादमी है जिसमें वाटर स्पोर्टस की सभी विधाओं में खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
No comments:
Write comments