Friday, 26 May 2017

संकुल से संभाग-स्तर 15 जुलाई से 30 सितम्बर तक होगा "स्कूल ओलम्पियाड

संकुल से संभाग-स्तर 15 जुलाई से 30 सितम्बर तक होगा "स्कूल ओलम्पियाड

 

ग्रामीण अंचलों में छुपी खेल-प्रतिभाओं को सामने लाने के लिये संकुल से संभाग-स्तर तक 15 जुलाई से 30 सितम्बर के बीच 'स्कूल ओलम्पियाड'' होगा। राज्य-स्तर पर स्कूल ओलम्पियाड अक्टूबर-2017 में करवाया जायेगा। ओलम्पियाड में खो-खो, कबड्डी, शतरंज, व्हाली-बॉल, रोप-स्कीपिंग और एथेलेटिक्स प्रतियोगिताएँ होंगी। तकनीकी शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार), श्रम एवं स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी की अध्यक्षता में हुई मध्यप्रदेश शालेय खेलों के उन्नयन एवं प्रगति के लिये गठित तकनीकी सलाहकार समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
श्री जोशी ने कहा कि स्कूलों में भी वही खेल खिलाये जायें, जो नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर होते हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल ओलम्पियाड में तैराकी को भी जोड़ा जा सकता है। श्री जोशी ने कहा कि स्कूलों में स्पोर्ट कल्चर विकसित करने के हरसंभव प्रयास होने चाहिये। उन्होंने कहा कि व्यायाम शिक्षकों की सेवाएँ खेल प्रशिक्षण में भी ली जायें। विभिन्न विभाग से सेवानिवृत्त खेल प्रशिक्षकों को भी अतिथि शिक्षक के रूप में रखने पर विचार किया जाये।
श्री जोशी ने कहा कि संभाग और जिला-स्तर पर खेल समिति बनायें। समिति में स्थानीय खिलाड़ियों को रखा जाये। स्कूलों में खरीदी जाने वाली खेल सामग्री के लिये मानदण्ड निर्धारित किये जायें। उन्होंने कहा कि भोपाल की खेल अकादमी में पढ़ने वाले बच्चों के लिये सरकारी स्कूल में अलग से क्लास की व्यवस्था की जाये। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देने के लिये राज्य-स्तरीय सम्मान समारोह किया जाये। खिलाड़ियों के दैनिक भत्ते और पदक प्राप्त खिलाड़ियों को दिये जाने वाली प्रोत्साहन राशि में बढ़ोत्तरी के संबंध में भी चर्चा की गयी।
प्रदेश को 264 मेडल
बैठक में सचिव स्कूल शिक्षा श्रीमती दीप्ति गौड़ मुखर्जी ने बताया कि वर्ष 2016-17 में 62वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रदेश को 264 मेडल प्राप्त हुए। देश की पदक-तालिका में मध्यप्रदेश को चौथा स्थान मिला। वर्ष 2017-18 के लिये खेल कैलेण्डर का प्रारूप तैयार किया गया है। इस वर्ष 22 खेल की राष्ट्रीय प्रतियोगिता करवाये जाने का प्रस्ताव है। बैठक में आयुक्त स्कूल शिक्षा श्री नीरज दुबे, संचालक श्रीमती अंजू भदौरिया एवं समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण सुझाव दिये।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +