Friday, 21 April 2017

हर्रई (छिंदवाड़ा) के बारगी स्थित सहकारी समिति केंद्र में लगी आग

हर्रई (छिंदवाड़ा) के बारगी स्थित सहकारी समिति केंद्र में लगी आग

एक भीषण अग्निकांड में जलने से लोगों की मौत हो गई। मृतकों की संख्‍या बढ़ने की आशंका है। बताया जाता है कि केरोसिन वितरण के दौरान सोसायटी भवन में भीषण आग लग गई। इसकी चपेट में अनेक लोग आ गए। आग इतनी भीषण थी कि कई लोग देखते ही देखते जिंदा जल गए।आग हर्रई के बारगी स्थित सहकारी समिति केंद्र में केरोसिन वितरण के दौरान केरोसिन में लगी।

मिली जानकारी के अनुसार बारगी सहकारी समिति केंद्र में शुक्रवार को केरोसिन और खाद्यान्न वितरण किया जा रहा था। राशन लेने के करीब सैकड़ों ग्रामीण कतार में भवन के सामने मौजूद थे। जबकि कक्ष के अंदर करीब तीन दर्जन से अधिक लोग थे। इसी दौरान केरोसिन में आग लग गई।

इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते केरोसिन ने पूरे कक्ष को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान मची अफरा तफरी से कक्ष में मौजूद लोग बाहर भी नहीं निकल पाए। जानकारी के अनुसार कक्ष में करीब दो दर्जन लोगों के जिंदा जलने की खबर है। कक्ष को तोड़कर शवों को बाहर निकाला गया ।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने छिन्दवाड़ा जिले के हर्रई में केरोसिन वितरण के दौरान हुई अग्नि दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना अत्यंत व्यथित करने वाली और पीड़ादायी है।।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रूपये और गंभीर घायलों को पचास-पचास हजार रूपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार के भी निर्देश प्रशासन को दिये हैं। उन्होंने ईश्वर से दुर्घटना में दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
मंत्री गौरीशंकर बिसेन के अनुसार मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए फौरी तौर पर दस दस हजार रुपये देने के निर्देश भी दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि अनुविभागीय अधिकारी की अध्यक्षता में हादसे की जांच करवाई जाएगी। गंभीर रुप से जले लोगों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।मौके पर अफरातफरी का आलम है।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +