Wednesday, 29 March 2017

साधु-संत दे रहे नर्मदा नदी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रायसेन जिले में नमामि देवी नर्मदे-नर्मदा सेवा यात्रा के दूसरे दिन ग्राम भारकच्छकलां में संत-महंत, परिक्रमावासियों एवं लोगों द्वारा नर्मदा आरती की गई। इसके बाद नर्मदा सेवा यात्रा ने आगे के लिए प्रस्थान किया। नर्मदा सेवा यात्रा के मार्ग में आने वाले गाँवों के लोगों द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में महिलाएँ एक ही रंग की वेशभूषा में कलश सर पर रखकर यात्रा की अगवानी के लिए गाँव के द्वार तक पहुँची। यात्रा आगमन पर नर्मदा सेवा यात्रा के ध्वज का पूजन किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक श्री रामकिशन पटेल, मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री रमेश शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
नर्मदा सेवा यात्रा भारकच्छकलां से प्रारंभ होकर गडरवास पहुँची, जहाँ यात्रा का भव्य स्वागत करने के साथ ही जनसंवाद कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में विधायक श्री रामकिशन पटेल, मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री रमेश शर्मा तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने नर्मदा और पर्यावरण संरक्षण की बात कही। उन्होंने कहा कि हमें नर्मदा के जल की शुद्धता और अविरलता बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पेड़ लगाना होगा। इसके साथ ही उन्होंने नर्मदा में अपशिष्ट पदार्थ नहीं डालने के लिए भी कहा। उपस्थित जनसमूह को नर्मदा के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने, तटों पर वृक्षारोपण करने, अपशिष्ट पदार्थों को नर्मदा में मिलने से रोकने, नर्मदा की निर्मलता को बनाये रखने के लिए प्रयास करने और दूसरों को प्रेरित करने का संकल्प दिलाया।
नर्मदा सेवा यात्रा के मार्ग में पड़ने वाले गाँवों में तोरण द्वार बनाए गए हैं जिन्हें रंगोली तथा पुष्पों से सजाया गया है। नर्मदा सेवा यात्रा के मार्ग के सभी गाँवों में कन्यापूजन भी किया गया। कई स्थानों पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी नर्मदा सेवा यात्रियों का स्वागत किया और उनके लिए शीतल पेजयल की व्यवस्था की।
यात्रा के दौरान जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों को स्वच्छता और नर्मदा नदी के संरक्षण का संकल्प दिलवाया गया। दोपहर में नर्मदा सेवा यात्रा ग्राम बिसेर पहुँची। यहाँ जनसंवाद में साध्वी प्रज्ञा भारती, मोतलसिर वाले महाराज ब्रम्हानंद और वनखेड़ी वाले महाराज मदनमोहन दास ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा नर्मदा नदी के संरक्षण के लिए चलाए जा रहे नर्मदा सेवा यात्रा रूपी यज्ञ में सभी को आहुति देने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि सुखद भविष्य के लिए हमें आज ही जागना होगा और अपनी जीवनदायिनी नदियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरे समाज को आगे आना होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा चलाए जा रहे सेवा यात्रा अभियान की सराहना करते हुए समाज के सभी वर्गों से इस यात्रा में शामिल होने का आव्हान किया। जनसंवाद कार्यक्रम में विधायक श्री रामकिशन पटेल, मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री रमेश शर्मा, कलेक्टर श्रीमती भावना वालिम्बे, एस.पी. सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +