Saturday, 9 July 2016

पीटरमरीटजबर्ग पहुंचकर बोले मोदी - दक्षिण अफ्रीका ने मोहनदास को बनाया महात्मा

पीटरमरीटजबर्ग पहुंचकर बोले मोदी - दक्षिण अफ्रीका ने मोहनदास को बनाया महात्मा 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दक्षिण अफ्रीका की दो-दिवसीय यात्रा के दौरान शनिवार को डरबन के निकट पीटरमरीटजबर्ग रेलवे स्टेशन गए जहाँ अंग्रेज़ों ने 1893 में महात्मा गांधी को ट्रेन से नीचे उतारा था--एक ऐसी घटना जिसने मोहनदास करमचंद गांधी को महात्मा गांधी बना दिया I प्रधानमंत्री मोदी एक छोटी ट्रेन में डरबन स्थित पेंट्रीच रेलवे स्टेशन से पीटरमरीटजबर्ग आये और स्टेशन पर उतरे जहाँ महात्मा गांधी (उस समय मोहनदास करमचंद गांधी) को रंग-भेद के मुद्दे पर ट्रेन से बाहर निकाला गया था I इस घटना ने न केवल मोहनदास करमचंद गांधी को महात्मा गांधी बनने में सहायता की बल्कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में भी तेजी लाई I. ज्यों ही प्रधानमंत्री स्टेशन पर उतरे, वहां उपस्थित दक्षिण अफ़्रीकी अधिकारियों और कुछ भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका हार्दिक स्वागत किया I वहां उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा यह वह स्थान है जहां से मोहनदास महात्मा बन गए I उन्होंने कहा कि उस दिन एक वकील मोहनदास की यात्रा समाप्त हुई और एक महात्मा की यात्रा आरम्भ हुई I प्रधानमंत्री ने कहा कि वह उस स्थान से बोल रहे हैं जहां पर मोहनदास नाम के एक वकील को 1893 में चलती ट्रेन से नीचे उतारा गया था I मोदी ने कहा दक्षिण अफ्रीका की यात्रा उनके लिए एक ''तीर्थ यात्रा'' बन गयी है I इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने सत्याग्रह के विषय पर आयोजित एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन कियाI उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका ने एक लम्बी लड़ाई लड़ी है और भारत उस लड़ाई में भागीदार रहा है I अब दोनों देश कंधे से कन्धा मिलाकर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं I उन्होंने कहा महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला आने वाली पीढ़ियों को प्रोत्साहित करते रहेंगे I
प्रधानमंत्री मोदी जो अपनी पांच दिवसीय चार अफ़्रीकी देशों की यात्रा पर हैं, शुक्रवार को मोज़ाम्बीक से दक्षिण अफ्रीका पहुंचे जहाँ उन्होंने राष्ट्रपति जैकब ज़ूमा से द्विपक्षीय वार्ता की और भारतीय समुदाय को सम्बोधित किया I

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +