Monday, 11 April 2016

ग्रामोदय से भारत उदय अभियान 14 अप्रैल से, मोदी करेंगे महू में शुभारंभ

ग्रामोदय से भारत उदय अभियान 14 अप्रैल से, मोदी करेंगे महू में शुभारंभ
ग्रामीण मध्यप्रदेश की तस्वीर बदलने के लिये प्रदेश में 'ग्रामोदय से भारत उदय अभियान' की शुरूआत डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर की 125वीं जयंती 14 अप्रैल से हो रही है। गाँवों के समग्र विकास का 45 दिन का यह अभियान 31 मई तक चलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर की जन्म-स्थली महू से देशव्यापी ग्रामोदय से भारत उदय दस दिवसीय अभियान की शुरूआत करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर प्रदेश में इसे वृहद रूप दिया गया है।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज यहाँ जिला प्रशासन और जन-प्रतिनिधियों से अभियान की रूपरेखा पर वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से चर्चा की। उन्होंने इसे गाँवों के सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन का सम्पूर्ण अभियान बताते हुए कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से ग्रामीण मध्यप्रदेश और भारत का कायापलट हो जायेगा। प्रदेश में यही अभियान अगले दो साल में भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान जन सेवा करने का सर्वोत्तम अभियान है। उज्जैन जिले को सिंहस्थ 2016 की तैयारियों के कारण इस अभियान से मुक्त रखा गया है। यहाँ यह अभियान एक जून से 30 जून तक चलेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि महू में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा का सभी ग्राम पंचायतों में सीधा प्रसारण होगा। श्री चौहान ने सभी जिला कलेक्टरों, विभाग प्रमुखों, वरिष्ठ अधिकारियों और जन-प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे टीम मध्यप्रदेश के रूप में एक जुट होकर इस वृहद अभियान को सफल बनायें। इस दौरान कोई भी पात्र हितग्राही शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिये। उन्होंने शहडोल, आगर-मालवा, इंदौर, डिण्डोरी, मंडला, टीकमगढ, मुरैना, छिन्दवाड़ा, रीवा, छतरपुर, नीमच, शाजापुर, राजगढ़, सागर, सिवनी, रतलाम, होशंगाबाद, भोपाल और देवास जिले के जन-प्रतिनिधियों से चर्चा की और उनसे सुझाव मांगे।
-डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की जन्म-स्थली महू में 125 जयंती पर उनके स्मरण के साथ पूरे जिलों में विशेष कार्यक्रम होंगे।
-प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के हितग्राहियों की सूची का सत्यापन होगा। पात्र लोगों के नाम जोड़े जायेंगे।
-प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सौंपा गया अभियान का ध्वज सभी जिलों में भेजा जायेगा और इसके साथ अभियान की शुरूआत होगी।
-अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिलों, जनपद और ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया जायेगा।
-महिला स्वास्थ्य शिविर में आने वाली बाँझ महिलाओं के उपचार का खर्चा सरकार उठायेगी।
-एक जून से 15 जून तक सभी जिले अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगे। राज्य स्तर पर इनकी समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री के सामने रखा जायेगा।
-मुख्यमंत्री ने जल-संरचनाओं के निर्माण और पौध-रोपण को मनरेगा से जोड़ने को कहा।
-ग्राम सभाओं और ग्राम संसद की बैठकों की वीडियोग्राफी करवाई जायेगी। विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों की सूची का सत्यापन होगा।
-मुख्यमंत्री ने सभी ग्राम पंचायतों से अपेक्षा की कि हर घर में शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करें।

No comments:
Write comments

Recommended Posts × +