ऑफ स्पिनर आर. अश्विन के 5 विकेट की मदद से भारत ने आज दक्षिण अफ्रीका पर पहली पारी में बढ़त लेने के बाद दूसरी पारी में कमोबेश बेहतर आगाज करके पहले क्रिकेट टेस्ट में दूसरे दिन अपना पलड़ा मजबूत कर लिया।आईएस बिंद्रा स्टेडियम की धीमी पिच पर दूसरे दिन भी विकेटों का पतन जारी रहा। भारत के पहली पारी के 201 रन के जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम आज अश्विन की शानदार गेंदबाजी के सामने 184 रन पर आउट हो गई जिससे मेजबान को 17 रन की बढ़त मिली। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने दूसरी पारी में चेतेश्वर पुजारा के नाबाद 63 रन की बदौलत दो विकेट पर 125 रन बना लिये थे यानी अब उसकी कुल बढ़त 142 रन की हैभारत ने आक्रामक शुरूआत की और मुरली विजय ने पहले ही ओवर में वेर्नोन फिलैंडर को दो चौके जड़े लेकिन भारत ने चाय ब्रेक से पहले शिखर धवन का विकेट गंवा दिया। तेज गेंदबाज वेर्नोन फिलैंडर की गेंद पर उन्होंने दूसरी स्लिप में डिविलियर्स को कैच थमाया। इसी मैदान पर 2013 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ 187 रन बनाकर टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले धवन दोनों पारियों में खाता नहीं खोल सके।दक्षिण अफ्रीका को दूसरी सफलता स्पिनर इमरान ताहिर ने दिलाई जब उन्होंने विजय को पवेलियन भेजा। पहली पारी में 75 रन बनाने वाले विजय अर्धशतक से तीन रन पीछे रह गए और ताहिर की गुगली पर चकमा खा गए जबकि शार्टलेग पर टी बुवामा ने उनका शानदार कैच लपका।अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में 13वीं बार एक पारी के पांच या अधिक विकेट लिये। उनके 29 मैचों में अब 150 विकेट हो गए हैं। पहले दिन स्टियान वान जिल (5) को आउट करने के बाद उन्होंने आज डीन एल्गर (37), हाशिम अमला (43), डेन विलास (1) और इमरान ताहिर (4) के विकेट लिये। बायें हाथ के स्पिनर रविंद्र जडेजा ने तीन और अमित मिश्रा ने दो विकेट लिये।डिविलियर्स ने शुरूआत में संभलकर खेलने के बाद अपनी पारी में छह चौके लगाये। उन्होंने जडेजा को मिडविकेट में चौका लगाकर अपना 37वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। स्टेन को मिश्रा ने गुगली पर चकमा दिया और आगे बढकर खेलने के प्रयास में वह रिधिमान साहा की कुशल स्टम्पिंग का शिकार हो गए।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Write comments